आजमगढ़। अटेवा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वाहन पर पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षक कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा 22 अक्टूबर दिन शुक्रवार को पदयात्रा निकाली जायेगी। गुरूवार को प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पदयात्रा की जानकारी देते हुए अटेवा के जिलाध्यक्ष सुभाष चन्द यादव ने कहाकि सरकार ने शिक्षक कर्मचारियों को दी जाने वाली पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर नई पेंशन व्यवस्था लागू कर दी हैं, जो शिक्षक कर्मचारियों के हित में नहीं है। सरकार द्वारा सरकारी विभागों का किये जा रहे निजीकरण के विरोध में व पुरानी पेंशन को लागू किये जाने को लेकर शुक्रवार अपराह्न 3 बजे से डीएवी इंटर कालेज स्थित गांधी तिराहे से पदयात्रा निकाली जायेगी, जो रैदोपुर होते हुए कलेक्ट्रेट तक जायेगी। जहां मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया जायेगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पदयात्रा में लोकनिर्माण विभाग, ग्रामीण पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ, लेखपाल संघ, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, विश्व विद्यालय संघ, कृषि विभाग, कोआपरेटिव इंस्पेक्टर एसोसिएशन, जल संस्थान कर्मचारी महासंघ, राजकीय परिवहन चालक संघ के अलावा सैकड़ों संगठन के शिक्षक, कर्मचारी व अधिकारी भाग लेंगे।