केसीसी बनाये जाने के सम्बन्ध में डीएलबीसी ने सीडीओ की अध्यक्षता में की बैठक

आजमगढ़ 27 नवम्बर– मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में किसान क्रेडिट कार्ड (के0सी0सी0) बनाये जाने के सम्बन्ध में डीएलबीसी (जिला स्तरीय बैंक समिति) की बैठक विकास भवन सभागार आजमगढ़ में सम्पन्न हुई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दिनांक 15 नवंबर 2021 से 15 फरवरी 2022 तक विशेष अभियान चलाकर पशुपालन घटक में पशुपालकों हेतु किसान क्रेडिट कार्ड बनाये जाने के लिए जनपद आजमगढ़ में कुल 24120 केसीसी बनवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, के अनुपालन में उक्त लक्ष्य का आवंटन जनपद के प्रत्येक पशु चिकित्सालय को कर दिया गया है। इस अभियान अन्तर्गत पशुपालक घटक से सम्बन्धित गोवंशीय, महिषवंशीय, बकरी, सूकर, कुक्कुट एवं अन्य पशुओं का पालन करने वाले पशुपालकों को आच्छादित कराते हुए समस्त पात्र पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड से संतृप्त करना है।
मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को इस अभियान के लिए जनपद का नोडल अधिकारी तथा प्रत्येक विकास खण्ड स्तरीय पशु चिकित्साधिकारी को सम्बन्धित विकास खण्ड का नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया कि सम्बन्धित विकास खण्ड के समस्त पशु चिकित्साधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पशुपालकों से निर्धारित प्रारूप पर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने हेतु आवेदन पत्र प्राप्त कर अपने विकास खण्ड स्तरीय नोडल अधिकारी के माध्यम से बैंक में जमा करवाकर लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करेगें।
एस0ओ0पी0/गाइड लाईन में वर्णित है कि धनराशि रूपये 1.60 लाख सीमा तक क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए किसी धरोहर/प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है तथा रूपये 1.60 लाख के ऊपर 3.00 लाख रूपये तक प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने के0सी0सी0 बनाये जाने हेतु अग्रणी बैंक प्रबन्धक एलडीएम आजमगढ़ तथा बैठक में उपस्थित सभी बैंक के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास खण्ड में प्रत्येक शुक्रवार (यदि शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है तो उसके पूर्व के दिवस अर्थात् वृहस्पतिवार) को विकास खण्ड के सभागार में नियमित रूप से शिविर लगाकर केसीसी के आवेदन पत्रों को प्राप्त कर उसकी पावती सम्बन्धित पशुपालक को देगें और उसका निस्तारण कर स्वीकृत या अस्वीकृत होने की सूचना सम्बन्धित विकास खण्ड के नोडल पशु चिकित्सा अधिकारी को देगें।
अग्रणी बैंक प्रबन्धक द्वारा अवगत कराया गया कि वे प्रत्येक विकास खण्ड में प्रत्येक शुक्रवार को (यदि शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है तो उसके पूर्व के दिवस अर्थात् वृहस्पतिवार) विकास खण्डों में समय अपरान्ह 2.30 बजे से 5.00 बजे तक आयोजित करने का निर्देश अपने स्तर से बैंक की सभी शाखाओं को करेगें। उन्होने अपील किया कि समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी जिन पशु पालकों का केसीसी निर्गत करने हेतु आवेदन पत्र प्राप्त करेगें व उनके पशुओं का बीमा निश्चित रूप से करवा दें।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में विभिन्न बैकों को 7862 आवेदन दिये गये थे, जिनमें से 1016 केसीसी कार्ड 02 नवम्बर 2021 तक निर्गत किये जा चुके हैं, शेष लम्बित हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि लम्बित आवेदन पत्रों की सूची बैंकवार/लाभार्थीवार एक्सल शीट में तैयार कर एलडीएम आजमगढ़ को 03 दिनो मे उपलब्ध करायें, जिससे लम्बित प्रकरणों का निस्तारण किया जा सके।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा जिला स्तरीय तकनीकी समिति से वित्तीय वर्ष 2021-22 हेतु विभिन्न पशुओं का वित्तमान (स्केल आफ फाइनेंस) से बैठक के समस्त अधिकारियों को अवगत/उपलब्ध कराया गया।
बैठक में जिला अग्रणी बैंक,यूबीआई आजमगढ़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य),जिला कृषि अधिकारी, जिला दुग्ध विकास अधिकारी, डी0डी0एम0 नाबार्ड, शाखा प्रबन्धक-बैक आफ बडौदा, सेन्ट्रल बैंक,यूनियन बैंक, यूसीओ बैंक, एक्सीस बैंक, एच.डी.एफ.सी., उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, परियोजना प्रबन्धक बायफ, उद्यान निरीक्षक, समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/पशु चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे l

———–जि0सू0का0 आजमगढ़-27-11-2021———–