लखनऊ। भाजपा ने देर रात 17 और प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इसमें राजधानी लखनऊ की सभी सीटों से प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया गया। इस सूची ने कई दिग्गजों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। लखनऊ की सीटों से कई नामी-गिरानी चेहरे दावेदार थे। यहां तक की लखनऊ की सरोजनी नगर से विधायक और मंत्री बनीं स्वाति सिंह का भी टिकट काट दिया गया है। पिछले दिनों स्वाति सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह के बीच टिकट को लेकर रार की खबरें आई थीं। भाजपा ने दोनों को ही टिकट नहीं दिया है।
सरोजनी नगर से स्वाति सिंह की जगह पूर्व ईडी अफसर राजेश्वर सिंह को मैदान में उतारा गया है। राजेश्वर सिंह को तीन दिन पहले ही वीआरएस की अनुमति मिली थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा ज्वाइन की और उन्हें टिकट मिल गया है।