लखनऊ : राजनीति के लिए छोड़ा सरकारी नौकरी, और बन गए पूर्वाचल के गांधी

लखनऊ। जिन्हें हम पूर्वांचल के गांधी कहते हैं। यह कोई अतिश्योक्ति नही अपितु वह सच्चाई है जिससे कभी मुह नही मोड़ा जा सकता। गांधीवादी विचारधारा से ओत प्रोत होकर उन्होंने सरकारी नौकरी का परित्याग कर जब राष्ट्र सेवा का ब्रत लिया तो कभी पीछे मुड़कर नही देखा। गुलामी की जंजीरों से भारत मां के मुक्ति के आंदोलन से लेकर आजाद भारत में उन्होंने संघर्ष का जो नमूना पेश किया वह शदियों तक नही भुलाया जा सकता। राज्य सरकार में कई बार मंत्री रहकर भी उन्होंने हमेशा पीड़ित मानवता की ही आवाज बुलंद की।
नन्हकू चौधरी और नेपाली देबी के पुत्र के रूप में जन्म
यह कोई और नही बल्कि बापू जयराम वर्मा थे जिन्होंने गांधीवादी विचाार धारा के आवरण से स्वयं को आजीवन ढके रखा। उनका जन्म गुलामी के गहन गहवर में 4 फरवरी 1904 को उत्तर प्रदेश के तत्कालीन फैजाबाद और अब अंबेडकरनगर जिले के टांडा तहसील के बड़ागांव में कुर्मी जाति के नन्हकू चौधरी और नेपाली देबी के पुत्र के रूप में हुआ था। उनके पिता साधारण किसान थे। यह वह दौर था जब भारत की धरती अंग्रेजों के खूंखार पंजे से लहू लुहान थी और उसका आर्तनाद देशभक्तों को झकझोर रहा था। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करने के बाद उन्होंने राजकीय इन्टर कालेज फैजाबाद से इंटर और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और गणित में परास्नातक की डिग्री हासिल की और टांडा के प्रसिद्व शिक्षण संस्थान एचटी इंटर कालेेज में अध्यापन कार्य में जुट गए।
भारत छोड़ो आंदोलन में गए जेल
उनको करीब से जानने वाले बताते हैं कि टांडा में शिक्षण कार्य करते हुए वे अंग्रेजों के खिलाफ होने वाले आंदोलनों की रूपरेखा तैयार करने के लिए होने वाली बैठकों में शामिल होने से स्वयं को नही रोक पाये। परिणाम यह हुआ कि विद्यालय प्रबंध तंत्र उनसे खफा हो गया तो उन्होंने नौकरी को लात मार कर स्वतंत्रता आन्दोलन में कूदने का निर्णय ले लिया। 1942 के भारत छोड़ो आन्दोलन सहित कई अन्य आन्दोलनों में सक्रिय भागीदारी के चलते उन्हें कई बार वाराणसी और फैजाबाद में कठोर जेल यातनाएं भी सहनी पड़ी। उनके जेल में रहते ही उनकी पत्नी प्राना देवी की मौत ने उन्हें तोड़ दिया फिर भी वह हिम्मत नहीं हारें।
 
बाराबंकी से विधायक बन शुरू किया सियासी सफर
इसी बीच 1946 में बाराबंकी से निर्विरोध विधायक होने के बाद शुरु हुआ उनका सियासी सफर जीवन के अंतिम क्षण तक चलता रहा। आजादी के बाद पहले आम चुनाव से लेकर 1967 तक 4 बार कांग्रेस के टिकट पर लगातार विधायक निर्वाचित हुए जयराम वर्मा इसी बीच 1967 में डॉ संपूर्णानंद के मुख्यमंत्रित्व काल में उप मंत्री बने। यह पद चंद्रभानु गुप्ता व सुचेता कृपलानी के शासनकाल में भी कायम रहा। लेकिन 1967 में मतभेदो के चलते कांग्रेस को अलविदा कह कर किसान नेता चौधरी चरण सिंह के साथ मिलकर जन कांग्रेस नामक दल का गठन किया। तब अल्पमत में आने के चलते चंद्रभानु गुप्त के त्यागपत्र देने के बाद 1 अप्रैल 1967 को मुख्यमंत्री बने चौधरी चरण सिंह सरकार में जयराम बर्मा सामुदायिक विकास, पंचायती राज, कृषि एवं गन्ना विकास मंत्री बनाए गए। यहां से किसानों के लिए तमाम अहम फैसले लिए। कुछ महीने बाद पार्टी का नाम बदल कर भारतीय क्रांति दल रखा गया। जिसके टिकट पर 1970 में टांडा से विधायक चुने जाने के बाद कृषि और गन्ना विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री बनाए गए।
क्षेत्र मोह में ठुकरा दिया राज्यपाल का पद
बताते हैं कि 1974 में आपातकाल लागू होने के बाद कुछ बिंदुओं पर चौधरी चरण सिंह से भी मतभेद हुआ। फिर कमलापति त्रिपाठी की सलाह पर बीकेडी छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के हमराह हो गए। 1976 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जय राम वर्मा को भारतीय बीज निगम का चेयरमैन नियुक्त किया। अगले वर्ष कांग्रेस की पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए श्री वर्मा ने इस पद से इस्तीफा दे दिया। जबकि इंदिरा गांधी नहीं चाहती थी कि वह इस्तीफा दे। फिर 1980 में हुए लोकसभा चुनाव में फैजाबाद से सांसद चुने गए जय राम वर्मा 1984 में टांडा से विधायक चुने जाने के बाद राज्यपाल द्वारा उन्हें स्पीकर नियुक्त किया गया। फिर नारायण दत्त तिवारी के मंत्रिमंडल में नियोजन मंत्री भी बनाए गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि चुनाव से पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया। जिसे उन्होंने क्षेत्र के मोह में ठुकरा दिया था।
विदेशों में बढ़ाया तिरंगे का मान
वास्तव में जयराम वर्मा गांधी विचारधारा के वह जुझारु व्यक्ति थे जो क्षेत्र व समाज के विकास के लिए संघर्ष को अपनी सियासी पूजी मानते थे और जीवन की सार्थकता भी इसी को समझते रहे। उन्होंने राजनीति के साथ-साथ सामाजिक व शैक्षिक क्षेत्र में भी बड़े-बड़े काम किए। तमाम शिक्षण संस्थानों की स्थापना किया और कई अनेक शिक्षण संस्थानों की प्रबंध कार्यकारणी से जुड़े रहे। यही नहीं पिछडे और दलित समाज के सैकड़ों बेरोजगारों को सरकारी नौकरी से जोड़कर उन्होंने इस समुदाय के स्तर को ऊंचा उठाने का भी प्रयास किया। राम जन्मभूमि अयोध्या में पर्यटन कार्यालय खोलने के साथ-साथ अपने गृह क्षेत्र से होकर तमाम रेलगाड़ियां शुरु कराने, फैजाबाद और अकबरपुर में उनके ठहराव सुनिश्चित करने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है। डॉ राम मनोहर लोहिया के बाद इस जिले के वे दूसरे राजनीतिक व्यक्ति थे जिन्होंने विदेशों में भारतीय तिरंगे का मान बढ़ाया।
संघर्षों के चलते ही उन्हें कहा गया पूर्वांचल का गांधी
1968 में वे सरकार के आमंत्रण पर कृषि संबंधी अध्ययन के लिए अमेरिका गए। सांसद रहते हुए सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग संबंधी अध्ययन के लिए रूस, जर्मनी, फ्रांस, हालैंड, ऑस्ट्रेलिया, मिश्र, कनाडा एव ग्रेट ब्रिटेन की यात्राएं भी की। उनके संघर्षों के चलते ही उन्हें पूर्वांचल का गांधी भी कहा जाने लगा। वह मानवीय गुणों के पोषक होने के साथ-साथ मानवता के रक्षक, न्याय प्रिय व्यक्तित्व, संघर्षशील नेता, साहसी व धैर्यवान व्यक्तित्व, सरस व आदर्श पुरुष की भूमिका पर सदैव खरे उतरे। खाली समय में वे चरखे पर सूत भी कातते थे। रह-रहकर उन पर सवर्ण विरोधी होने के आरोप भी लगते रहे फिर भी वह इससे कभी विचलित नहीं हुए। इसी बीच 13 जनवरी 1987 को उन्होंने सदा के लिए आंखें मूँद ली।