दादरी। कोतवाली जारचा के गांव नूरपूर के बीच गांव में हथियारबंद पांच बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक को तीन गोली मारकर हत्या कर दी। इसकी वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इस दौरान खेलते हुए डेढ़ साल के बच्चे के कान से सटकर गोली निकलने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नूरपूर निवासी आरिफ 35 ट्रैक्टर ट्राली पर भूसा बेचने का व्यापार करते थे। सोमवार को भूसा बेचकर घर वापस लौटे और शाम पांच बजे के करीब प्रधान गांव के लोगों के साथ बैठा हुए थे।
उसी समय पांच लोग आए और आरिफ को कुर्सी से उठाकर दो लोगों ने पकड़ लिया और एक ने सिर से सटाकर दो गोली और एक गोली छाती में दाग दी। गोली लगते ही आरिफ जमीन पर गिर गए और आरोपित हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी देते हुए पुलिस को बताया कि आरोपितों ने छह गोलियां चलाईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल आरिफ को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक के स्वजन ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी है।
हत्या दिनदहाड़े होने पर आरोपितों को लोगों ने पहचान लिया है। सभी आरोपित गांव के बताए जा रहे हैं। एक आरोपित गोतस्कर बताया जा रहा है, जो जेल भी जा चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की आरोपित पक्ष ने मुखबिरी की थी। उसके बाद मृतक ने आरोपित की मुखबिरी की थी। इस कारण आरोपित जेल गया था। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। इसके तहत हत्या को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि एडीसीपी ग्रेटर नोएडा विशाल पांडेय ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित कर दी गई हैं। पुलिस की टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।