आगरा। जिले में अछनेरा के दिव्यांग युवक को रिश्ता कराने का झांसा देकर शातिर ने उसे जाल में फंसा लिया. लड़की दिखाने के बहाने अलीगढ़ के होटल में ले जाकर ठहराया. वहां खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। युवक उसके पिता और चाचा बेहोश हो गए. शातिर उनके 40 हजार रुपये और दो मोबाइल लूट ले गए. तीनों आगरा जिला अस्पताल में भर्ती हैं.
दरअसल, अछनेरा के नया बास दौलताबाद निवासी 30 वर्षीय वीपी सिंह पुत्र बनय सिंह पैरों से दिव्यांग हैं. दस दिन पहले उनके घर बिचौलिया बनकर एक युवक आया. उसने अपना नाम राजेंद्र बताया. युवक ने वीपी का रिश्ता कराने की कहा. बातचीत से परिवार को भी प्रभावित कर लिया. आरोपित राजेंद्र ने उन्हें लड़की दिखाने अलीगढ़ बुलाया. 23 अगस्त की सुबह वीपी सिंह, उसके पिता बनय सिंह और चाचा सौदान सिंह के साथ पहुंचा.
रिश्ता तय करने के बाद लड़की पक्की करने के लिए 40 हजार रुपये लेकर गए थे. अलीगढ़ रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में कमरा लिया. युवक ने दोपहर में उनके साथ खाना खाया. जिसके बाद वह बाहर से कोल्ड ड्रिंक लेकर आया. जिसे उन तीनों को पिला दिया, जिसके कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए. युवक लूट करके फरार हो गया.





