नई दिल्ली। आईटी सेक्टर और डिजिटल दुनिया में चीजें जितना आसान हो गई हैं उतनी ही जटिल और ट्रिकी भी हो गई हैं. कई बार लोगों को इसकी कमियों का तगड़ा नुकसान सहना पड़ता है. आंध्र प्रदेश से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक महिला को साइबर क्राइम का शिकार होना पड़ा. महिला को व्हाट्सऐप पर ऐसा मैसेज आया जिसे क्लिक करते ही महिला के 21 लाख उड़ गए.
दरअसल, यह घटना आंध्र प्रदेश की एक रिटायर्ड शिक्षिका के साथ हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अन्नामय्या जिले के मदनपल्ले में रहने वाली इस महिला का नाम वरलक्ष्मी है. महिला को एक अज्ञात नंबर से वाट्स एप पर मैसेज मिला. महिला ने बिना कुछ सोचे समझे मैसेज में दिए गए लिंक पर कई बार क्लिक कर दिया. इसके बाद वह हुआ जिसका अंदाजा महिला को नहीं था.
मैसेज आने और महिला के क्लिक करने के कुछ देर बाद ही महिला को मैसेज आए कि उसके खाते से कुछ पैसे काटे गए हैं. महिला को कुछ समझ आता तब तक महिला के खाते से धीरे धीरे करके कई बार पैसे कटे और धड़ाधड़ मैसेज आने लगे. हैरानी की बात है कि महिला के खाते से 21 लाख रुपये कट गए. महिला तत्काल पुलिस के पास पहुंच गई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला ने बताया कि उसने सिर्फ मैसेज में आए एक लिंक को क्लिक किया था, जिसके बाद उसके अकाउंट से 21 लाख रुपये गायब हो गए. उधर पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधियों ने पहले लिंक के जरिए महिला का फोन हैक किया है और उसके बाद उसके मोबाइल का इस्तेमाल करके बैंक अकाउंट्स से कई सारे ट्रांजेक्शन किए. महिला इस मामले को लेकर बैंक भी गई, फिलहाल जांच जारी है.