आजमगढ़ : सभी अधिकारी/कर्मचारी जो छूटे हैं, वो तत्काल कोविड वैक्सीनेशन का प्रीकॉशन डोज लगवा लें – जिलाधिकारी
प्रेस नोट
आजमगढ़ 30 अगस्त– जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कल देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में अमृत सरोवर, मनरेगा (मानव दिवस सृजन), मनरेगान्तर्गत गौशाला निर्माण की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), कायाकल्प, कन्या सुमंगला योजना, समस्त प्रकार के पेंशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, सामुदायिक शौचालय, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), पंचायत भवन एवं ग्राम सचिवालय की स्थापना एवं ग्राम सचिवालय में आफिस उपकरण क्रय कर स्थापित किये जाने की स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी/कर्मचारी जो छूटे हैं, वो तत्काल कोविड वैक्सीनेशन का प्रीकॉशन डोज लगवा लें। उन्होने कहा कि प्रीकॉशन डोज सितम्बर तक लगायी जायेगी, सभी लोग हर हाल में लगवाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि कायाकल्य योजनान्तर्गत सभी स्कूलों में पेयजल, शौचालय एवं अन्य सभी अनुमन्य कार्य निर्धारित मानक के अनुसार किया जाये। उन्होने कहा कि सभी स्कूलों में रनिंग वाटर की सप्लाई सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि सभी खण्ड विकास अधिकारी स्कूलों का भ्रमण कर निर्धारित मानक की सूची के अनुसार शत प्रतिशत कार्यां को पूर्ण किये जाने का दिनांक निर्धारित कर मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध करायें।
जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र, सार्वजनिक शौचालय, पंचायत भवन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि मनरेगा योजना के अन्तर्गत बनने वाले अमृत सरोवर का निर्माण प्राथमिकता से लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि मनरेगा योजनान्तर्गत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि वृहद गौ संरक्षण केन्द्रों पर रहने वाले गोवंश को नये बन चुके गौ आश्रय स्थलों पर शिफ्ट करें। उन्होने कहा कि चारागाह की जमीनों पर नेपियर घास एवं हरे चारे लगाये जायें।
जिलाधिकारी ने कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि नयी जन्म लेने वाली कन्याओं की सूची मुख्य चिकित्साधिकारी से लेकर योजना का लाभ दिया जाये। उन्होने कहा कि यदि कोई योजना का लाभ नही लेना चाहता है तो उसका कारण स्पष्ट करें। उन्होने कहा कि इस वर्ष का लक्ष्य कम से कम 10 हजार होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत बनने वाले आवासों को अभियान चलाकर पूरा किया जाय। उन्होने कहा कि लाभार्थी को पहली किस्त का काम पूरा होने के बाद तत्काल दूसरी किस्त जारी करें। उन्होने कहा कि सभी खण्ड विकास अधिकारी भ्रमण कर आवासों के निर्माण की गुणवत्ता की जांच करें तथा समय सीमा के अन्दर आवासों का निर्माण पूरा करायें। उन्होने कहा कि सभी खण्ड विकास अधिकारी 5 समूहों की जिम्मेदारी लें तथा उनमें गुणात्मक सुधार लायें। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि समूह जिसके लिए गठित हुआ है, क्या उस उद्देश्य को पूरा कर रहा है। उन्होने कहा कि एनआरएलएम से जुड़ने के बाद उन समूहों की स्थिति में क्या प्रगति हुई, इसकी जांच करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत भवनों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि वहां बैठने एवं आवश्यक स्टाफ तथा अन्य सामानों की खरीद कर ली जाए तथा तत्काल क्रियाशील कर दें। जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि सभी कस्बे, बाजारों एवं आस-पास के क्षेत्रों से लगने वाले सड़कों की लगातार सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करायें। उन्होने कहा कि कम से कम हफ्ते में 3 दिन सड़कों की सफाई करायी जाये।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं बिना किसी के प्रभाव में आये कार्यां को सम्पादित करें। उन्होने कहा कि कार्यां को नियमानुसार एवं निर्धारित समय मे पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री आनन्द कुमार शुक्ला, पीडी श्री केके सिंह, डीडीओ श्री संजय कुमार सिंह, डीसी एनआरएलएम श्री मिथिलेश कुमार तिवारी, डिप्टी सीएमओ, बीएसए श्री अतुल कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री बीएल यादव, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्री शशांक सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री मोती लाल, डीपीआरओ श्री अजय कुमार श्रीवास्तव, समस्त खण्ड विकास अधिकारी/एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।
—-जि0सू0का0 आजमगढ़-30-08-2021—–





