आजमगढ़ : राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत आज चाइल्ड केयर क्लिनिक ने किया पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह: 1 से 7 सितंबर
रखें पोषण का ध्यान, रहें सेहतमंद: डॉ. डी.डी. सिंह
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत आज चाइल्ड केयर क्लिनिक मऊ रोड, सिधारी पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए शिशु व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.डी. सिंह ने कहा कि भोजन केवल भूख शांत करने के लिए ही नहीं करना चाहिए। भोजन से शरीर को दिन भर काम करने के लिए ऊर्जा मिलती है। यही नहीं, शरीर स्वस्थ और निरोगी रहता है, लेकिन होता यह है कि हम भागदौड़ भरी जिंदगी में दौड़ते भागते नाश्ता करते हैँ। टाइम बेटाइम खाना खाते है। यानी कुल मिलाकर मकसद केवल पेट भरना ही होता है। लेकिन जरुरी यह है कि आप अपनी डाइट में कुछ बातो का अवश्य ध्यान रखे, तभी आप सेहतमंद रहेंगे।
एक से सात सितम्बर तक राष्ट्रीय पोषण सप्ताह मनाया जा रहा है, जिससे कि लोग अपने खानपान में पौष्टिक चीजे शामिल करें। इस साल 2022 में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह की थीम भारत सरकार ने ‘सेलिब्रेट वर्ल्ड ऑफ फ्लेवर’ बताया है। इसमें बताया गया है कि व्यक्ति को नए नए व्यंजनों को आजमाना चाहिए, जो पोषक तत्वों से भरपूर हो।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.डी. सिंह ने बताया कि यदि थोडा सा ध्यान दिया जाये तो हम अपने रोज के आहार को पौष्टिक बना सकते हैं। नाश्ता हमारा सबसे महत्वपूर्ण मील होता है। नाश्ते में कार्बोहायड्रेट जैसे दलिया, सूजी का चीला, रोटी या पराठा, सब्जी लेना चाहिए। इसके अलावा प्रोटीन के लिए यदि अंडा खाते हो तो अंडा ले सकते हैं। यदि नही खाते हों तो अंकुरित दाल या चने व पनीर को शामिल करें। भुना चना भी अच्छा विकल्प हो सकता है। नाश्ते में एक मौसमी फल को भी अवश्य शामिल करें। डॉ. डी.डी. सिंह बताते हैं कि दोपहर के भोजन में रोटी, चावल, दाल, सब्जी व रायते के साथ सलाद को अवश्य शामिल करना चाहिए। ध्यान रहे कि सलाद के लिए सब्जियों को अच्छी तरह से धोएं। रात का खाना हल्का लेना चाहिए। खाने के बाद सोने से पहले दूध अवश्य लेना चाहिए।
डॉ. डी.डी. सिंह ने बताया कि प्रत्येक 3 घण्टे के अंतराल पर शार्ट मील (बिस्कुट, छाछ, फल आदि) अवश्य लेना चाहिए। अर्थात 100 से 150 कैलोरी लेना सेहत के लिए फायदेमन्द रहता है।