आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम सजनी गांव के पास शुक्रवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से बुलेट सवार मौसा व उनके साढ़ू के पुत्र की मौत हो गई। हादसे में मृत मौसा भारतीय वायुसेना में कार्यरत जवान थे।
जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के भटपुरवा ग्राम निवासी 40 वर्षीय मनोज यादव पुत्र दशरथ यादव वायुसेना में तैनात थे। इन दिनों उनकी तैनाती शिलांग के वायुसेना बेस पर थी और वह इस समय अवकाश लेकर घर आए थे। बताते हैं कि वायुसेना कर्मी मनोज यादव फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मौना ग्राम निवासी रिश्ते में साढ़ू भूषण यादव के 21 वर्षीय इकलौते पुत्र अमित यादव के साथ किसी कार्यवश बुलेट बाइक से लखनऊ गए थे। शुक्रवार की रात मौसा मनोज व भतीजा अमित दोनों लखनऊ से बुलेट बाइक पर सवार होकर गृहजनपद के लिए रवाना हुए। रात करीब एक बजे अहरौला थाना क्षेत्र से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से उतरकर फुलवरिया टोल प्लाजा के समीप सर्विस लेन से फूलपुर की ओर अमित के घर जाते समय सजनी गांव के समीप दोनों अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी पाकर अहरौला थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह मौके पर पहुंच गए। यूपीडा पुलिस भी हादसा स्थल पर पहुंच गई। मृतक मनोज के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान हुई और पुलिस के माध्यम से दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। कुछ ही समय बाद दोनों मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे की जानकारी पाकर एसपी अनुराग आर्य व डीएम विशाल भारद्वाज भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल शवों के पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू हो गई और शव जिला चिकित्सालय के लिए भेज दिए गए। मौके पर पहुंचे मृतकों के परिवार में कोहराम मचा था।
बताते चलें कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आवागमन की शुरुआत से ही फुलवरिया टोल नाके के समीप आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। टोल प्लाजा के पास लगभग 5 किलोमीटर के इलाके में अबतक दर्जनों दर्दनाक घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। अभी तीन दिन पूर्व क्षेत्र के अभयपुर गांव निवासी एक युवक की पिकअप की चपेट में आ जाने मौत हो गई थी।