सागर में 2 सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत, 12 गंभीर रूप से घायल

सागर: मध्य प्रदेश में सागर-छतरपुर सीमा पर एक बड़े सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 8 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये दुर्घटना सागर से छतरपुर की ओर जा रहे ट्रक के पलटने से हुई है। इसमें कुल 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सागर और छतरपुर दोनों जिलों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।

वहीं दुर्घटना का शिकार हुए सभी मजदूर महाराष्ट्र से यूपी के सिद्धार्थनगर जा रहे थे। अभी भी कुछ लोगों के ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

दूसरी दुर्घटना सागर के शाहगढ़ के पास की है। जहां मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से 24 लोग घायल हो गए हैं। 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर मजदूरों को छतरपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य मजदूरों का इलाज शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। ये सभी मजदूर महाराष्ट्र से उत्तरप्रदेश जा रहे थे।