जौनपुर : बरात आने से पहले प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, फिर भी बजी शहनाई, जानिये पूरा मामला

जौनपुर। जिले के एक गांव में बरात आने से पहले ही दुल्हन (युवती) गहने और पैसे लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसकी जानकारी जब परिवार के लोगों को हुई तो आननफानन बरात पक्ष से बात कर फरार हुई युवती की मौसेरी बहन से उसी तिथि में शादी कराई गई। शनिवार को युवती के पिता ने थाने में तहरीर दी। गांव के ही एक युवक पर बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया।
मामला गुरुवार का है। एक गांव निवासी युवती की शादी तय थी। बरात की तैयारी चल रही थी। फेरों के लिए मंडप को सजाया जा रहा था। शाम को बरात आनी थी, लेकिन अलसुबह ही वह फरार हो गई। घर वालों को पता चला तो हड़कंप मच गया। पहले खोजबीन हुई, जब पता नहीं चला तो बरात पक्ष को फोन करके जानकारी दी गई।