आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में लोकसभा चुनाव 2024 का मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। एक तरफ समाजवादी अपने गढ़ पर एक बार फिर जीत का परचम लहराने का दावा कर रही है। शिवपाल यादव तक को चुनावी मैदान में उतारे जाने की चर्चा हो रही है। वहीं, लोकसभा उप चुनाव 2022 में आजमगढ़ पर जीत दर्ज करने वाले भारतीय जनता पार्टी के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कमर कस ली है। लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं। अपने एक साल के कार्यकाल का बखान कर रहे हैं। जीत के दावे एक बार फिर उनकी तरफ से किए जा रहे हैं। इन दोनों दलों के बीच टकराव के दरम्यान बहुजन समाज पार्टी का दावा सामने आया है। बसपा नेता और आजमगढ़ उप चुनाव 2022 में तीसरे स्थान पर रहकर सपा की हार की इबारत लिखने वाले गुड्डू जमाली ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि वे एक बार फिर लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेंगे।
पूर्व विधायक और बसपा नेता शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने दावा किया कि आजमगढ़ से सपा की हार तय है। हमारी तैयारी शानदार है। उन्होंने दावा किया कि सपा खेमे की ओर से अखिलेश यादव के परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव लड़े, इस बार सपा को हरा कर ही मानेंगे। गुड्डू जमाली ने कहा कि सपा हमेशा इस बात का दावा करती है कि आजमगढ़ उनका गढ़ है, लेकिन पिछली बार मैंने उप चुनाव लड़ा था और 22 दिन का समय मिला था। थोड़े अंतर से मैं चुनाव नहीं जीत पाया। इस बार ऊपर वाले ने चाहा तो मैं चुनाव लडूंगा और सपा को हरा कर भेजूंगा।
बीएसपी नेता गुड्डू जमाली ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कहा कि बसपा आजमगढ़ सहित पूरे प्रदेश में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। बहन मायावती सहित संगठन और पार्टी कार्यकर्ता इस काम में लगे हुए हैं। पटना में विपक्षी नेताओं की एकता बैठक को लेकर कहा कि चुनाव करीब है। लिहाजा इस बात पर चर्चा होती है कि चुनाव में गठबंधन कहां और कैसे हो? बहन मायावती जी से मिलकर इस पर भी चर्चा होगी। हालांकि, उन्होंने इस बात को दोहराया कि मौजूदा समय में मायावती ने अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला है।