लखनऊ : सी0जी0 सिटी में विकसित किए गए नंदन वन में लगाये 10 हजार पौधे

मुख्य सचिव के नेतृत्व में अधिकारियों/कर्मचारियों ने एलडीए द्वारा सी0जी0 सिटी में विकसित किए गए नंदन वन में लगाये 10 हजार पौधे।

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेन्सी)

 

दिनांक : 22 जुलाई, 2023

लखनऊ : मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र के नेतृत्व में प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधरोपण महाअभियान-2023 के उपलक्ष्य पर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा सी0जी0 सिटी (चक गंजरिया) में 40 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किये गये नंदन वन में एक साथ 10 हजार से अधिक पौधे लगाये।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में 9.3 प्रतिशत का फारेस्ट कवर है। मुख्यमंत्री का विजन है कि अगले पांच साल के अंदर हम प्रदेश के फाॅरेस्ट कवर को 15 प्रतिशत तक ले जाएं। इसी विजन की ओर कदम बढ़ाते हुए आज पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ किया गया है। इस अभियान को लेकर पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल है और लोगों के उत्साह को देखकर लगता है कि हम 30 करोड़ पौधे लगाने के निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक संख्या में पौधारोपण करेंगे।
उन्होंने सी0जी0 सिटी में 40 एकड़ क्षेत्रफल में नंदन वन विकसित करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि भगवान इन्द्र की नगरी में नंदन वन होता है, जो सभी कामनाओं की पूर्ति करने वाला होता है। उसी प्रकार भविष्य में यह नंदन वन भी शहर वासियों को फल, फूल, औषधि व प्राणवायु देकर उनकी कामनाओं को पूरा करेगा।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों के सम्मुख बैठकर उन्हें महसूस करना, उनसे बात करना भी अपने आप में एक मेडिटेशन है। हमारी संस्कृति में तो मनुष्य के जन्म से लेकर मृत्यु तक में लकड़ी का उपयोग होता है और यही बात पेड़ों की महत्वता का बखान करती है। प्रत्येक पेड़ किसी न किसी देवी-देवता का रूप है। इसलिए हमें सिर्फ पौधे लगाने ही नहीं हैं, बल्कि इनकी देखरेख करके इन्हें पोषित भी करना है। आज हम जिन पौधों को लगाकर उनकी अच्छे से देख-रेख करेंगे, भविष्य में वे पेड़ बनकर आने वाली कई पीढियों को जीवन देंगे।
इस क्रम में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने पौधों को संरक्षित रखने की पहल करते हुए कहा कि प्राधिकरण के जिन अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा पौधे लगाये जा रहे हैं, वे सभी रक्षाबंधन के पर्व पर इन पौधों को रक्षासूत्र बांधकर सुरक्षा का वचन देंगे।
इससे पूर्व, मुख्य सचिव ने सेक्टर जी, सुशांत गोल्फ सिटी में बच्चों के साथ वृक्षारोपण किया। बच्चों को पेड़ों के महत्व के बारे में बताया और बच्चों के प्रस्तुतीकरण को देखा।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव पशुधन रजनीश दुबे, प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त लखनऊ डाॅ0 रोशन जैकब, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी, सचिव श्री पवन कुमार गंगवार, प्रभागीय वन अधिकारी डाॅ0 रवि कुमार सिंह, नगर आयुक्त लखनऊ इन्द्रजीत सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी पौधारोपण किया गया।