क्वारंटाइन केंद्र में सजाया गया मंडप, दुल्हन को लगाई गई मेहंदी, आज लेंगे सात फेरे

पिपरिया (होशंगाबाद)। कोरोना मरीजों को अलग-थलग करने के लिए बने क्वारंटाइन केंद्र दहशत का पर्याय बने हुए हैं, लेकिन, मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में पिपरिया के क्वारंटाइन केंद्र का नजारा एकदम जुदा है। क्वारंटाइन केंद्र में मंडप सजा है। मंगलगीत के बीच विवाह उत्सव की तैयारी हो रही है। क्वारंटाइन केंद्र पर शनिवार को क्वारंटाइन युवती का विवाह होना है। यह देश का पहला ऐसा क्वारंटाइन केंद्र है, जहां शारीरिक दूरी का पालन करते हुए विवाह की रस्में निभाई जाएंगी। शुक्रवार को दिनभर अधिकारियों सहित यहां क्वारंटाइन किए 40 लोग विवाह की तैयारियों में जुटे रहे। दोपहर में मेहंदी की रस्म हुई। शाम को संगीत कार्यक्रम भी हुआ।

बरातियों के स्वागत की तैयारी 

दुल्हन रेखा के साथ बुजुर्ग मां व भाभी भी यहां हैं। क्वारंटाइन किए गए सभी 40 लोग कोरोना को भूल खुशियों में डूबे नजर आ रहे हैं। महिलाएं मंगल गीत गा रही हैं और पुरषष बरातियों के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। रेखा गरीब परिवार से है, इसलिए शादी का खर्च अधिकारी और समाजसेवी उठा रहे हैं। सामाजिक संगठनों ने उपहार सामग्री भी केंद्र पर पहुंचा दी है।

रेखा का विवाह पूर्व से ही रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज के रहने वाले मनीष साहू से तय था। विवाह के पूर्व 14 मई को पीथमपुर स्थित अपने भाई के घर से रेखा पिपरिया लौटी थी। रेड जोन से लौटने के कारण उसे 15 मई को क्वारंटाइन केंद्र भेजा गया। स्वजन ने जब अधिकारियों को विवाह के बारे में बताया तो युवती का विवाह केंद्र पर ही कोविड–19 के नियमों का पालन करते हुए संपन्न कराने का फैसला लिया गया।

पांच लोग आएंगे बारात में 

पिपरिया के एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी ने कहा कि युवती के दो बड़े भाई भोपाल रेड जोन में रहते हैं। दोनों भाई विवाह में शामिल नहीं हो सकेंगे। पिपरिया में एक बड़ा भाई है, जिसे हमने विवाह में बुलाया है। बारात शनिवार को शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच पंडित द्वारा विवाह कराया जाएगा।