आजमगढ़ पंचायत उपचुनाव: सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू,18 उम्मीदवारों के भाग्य होंगे तय

आजमगढ़। जिले में पंचायत उपचुनाव के लिए बुधवार को सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है। जो शाम पांच बजे तक चलेगा। जिला पंचायत सदस्य और प्रधान के दो-दो पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। कुल 81 बूथ बनाए गए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए बिलरियागंज विकास खंड क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 भगतपुर व मार्टीनगंज विकास खंड क्षेत्र के वार्ड नंबर 58 सुरहन के लिए उपचुनाव हो रहा है। भगतपुर जिला पंचायत सदस्य पद के लिए दो व सुरहन से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। भगतपुर में 28 मतदान स्थलों पर 16337 व सुरहन में 53 मतदान स्थलों पर 33677 मतदाता मतदान करेंगे। इस प्रकार से जिला पंचायत सदस्य के दो पदों के लिए 50010 मतदाता 10 प्रत्याशियों के लिए 81 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं।
वहीं, ग्राम प्रधान के लिए तरवां विकास खंड की ग्राम सभा ऊंचहुआ व पल्हना विकास खंड क्षेत्र की ग्राम सभा कबूतरा में चार-चार प्रत्याशी मैदान में हैं। ऊंचहुआ में 4551 मतदाताओं के लिए सात व ग्राम सभा कबूतरा में 2457 मतदाताओं के लिए चार मतदान स्थल बनाए गए हैं। ग्राम पंचायत उपचुनाव के लिए मंगलवार की शाम बूथों पर 92 पोलिंग पार्टियों ने कमान संभाल ली है ।दोपहर में चार ब्लाकों से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। संबंधित ब्लाकों में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। विकास खंडों पर निगरानी के लिए अधिकारी भी डटे हुए थे।बिलरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार, भगतपुर जिला पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव के लिए ब्लाक परिसर से अपराह्न ढाई बजे 28 पोलिंग पार्टियां प्राइवेट बसों से रवाना हुई। सीआरओ ने मतदान के संबंध में बीडीओ नीलिमा गुप्ता से जानकारी हासिल की। उपजिलाधिकारी सगड़ी अतुल कुमार गुप्ता ने सभी पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने साथ संबंधित पोलिंग पार्टियों को साथ लेकर ही वाहनों में बैठें। कोई मतदान कर्मी निजी वाहन से बूथ पर न जाए। रात में व सुबह पांच बजे हाजिरी लेने पर यदि कोई मतदानकर्मी अनुपस्थित मिला तो इसके लिए पीठासीन अधिकारी जिम्मेदार होंगे। जिला पंचायत क्षेत्र में कुल 28 बूथ हैं। 16 हजार 337 मतदाता हैं। दो प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। भाजपा और सपा समर्थित प्रत्याशियों के बीच ही मुकाबला है। मार्टीनगंज प्रतिनिधि के अनुसार, जिला पंचायत क्षेत्र सुरहन में मतदान के लिए 53 पोलिंग पार्टी पार्टियां रवाना हुई। चौदह ग्राम पंचायतों के 53 मतदान केंद्रों पर 33677 मतदाता मतदान करेंगे।