आजमगढ़ : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कल देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम विकास सेक्टर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

आजमगढ़ 13 जनवरी — जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कल देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम विकास सेक्टर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अभियान चलाकर जनपद के सभी बाजारों ,कस्बों एवं प्रमुख मार्गो की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जनप्रतिनिधियों से पूरा सहयोग लेकर जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय की प्रमुख सड़कों, चौराहा की सफाई आगामी 24 जनवरी 2024 से 26 जनवरी 2024 तक लगातार कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में युवा एवं महिला मंगल दलों की भी सहभागिता सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सरकारी चिकित्सालय में प्राथमिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों अथवा सभी स्कूलों में स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क अथवा सड़कों के किनारे प्लास्टिक, अथवा थर्माकोल का ढ़ेर नहीं दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी डिवाइडर पर कूड़ा-कचरा नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे अतिक्रमण किसी भी दशा में न हो।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निराश्रित गोवंश को गौआश्रय स्थलों में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निराश्रित गोवंश कहीं भी खुले में घूमता हुआ नहीं दिखाई देना चाहिए। जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को आवंटित हुए बजट को शत प्रतिशत खर्च करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेंडर आदि को समय से सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा से अस्थाई गौ आश्रय स्थल, अमृत सरोवर, कृषि संबंधी कार्यक्रम की कार्य योजना बनाकर कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर पर इनलेट- आउटलेट ,स्टैंड पोस्ट, वॉटर कैपेसिटी बढ़ाने के कार्य अर्थ वर्क तथा पाथवे आदि कार्यो को प्राथमिकता से कराना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीडीएस की दुकानों को 15 फरवरी तक पूर्ण कर राशन का वितरण करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज 2 के अंतर्गत आरआरसी निर्माण कार्यों को प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम से मिलकर आरआरसी के निर्माण से संबंधित समस्याओं का निराकरण कराये। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा हो जाने के पश्चात आरआरसी का संचालन तत्काल प्रारंभ कर दें। उन्होंने कहा कि आरआरसी के संचालन में जिसके द्वारा लापरवाही की जा रही है, उसके विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आरआरसी केंटो पर ई-रिक्शा लगाया जाये। उन्होंने कहा कि जो काम न करें, उसके बदले ग्राम सभा से प्रस्ताव लेकर हटाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो आरआरसी बन गया है, वहां खुली मीटिंग करके लोगों को जागरूक करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे तथा समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।