मध्‍य प्रदेश में लू से मिली राहत, अब तेज बरसात के आसार

भोपाल। राजस्थान, छत्तीसगढ़ पर बने ऊपरी हवा के चक्रवात और उत्तर मप्र से ट्रफ के गुजरने के कारण प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रीवा, सतना, सीधी, ग्वालियर, दतिया, खजुराहो में आंधी चलने के साथ तेज बौछारें भी पड़ीं। बादल छाने और बौछारें पड़ने के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है। 44 डिग्री तापमान रायसेन और मुरैना में दर्ज किया गया। प्रदेश में शुक्रवार को कहीं भी लू नहीं चली। राजधानी में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री दर्ज हुआ। हालांकि मालवा निमाड़ में लोग नौपता की गर्मी से बेहाल रहे।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान और छत्तीसगढ़ पर ऊपरी हवा के चक्रवात बने हुए हैं। इन सिस्टम से होकर एक द्रोणिका लाइन उत्तरी मप्र से होकर गुजर रही है। इसके अतिरिक्त अरब सागर में एक अबदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इस वजह से वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिन के तापमान बढ़े हुए रहने और नमी मिलने के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है।

शुक्ला के मुताबिक 31 मई को अरब सागर में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। इन सिस्टम के कारण 31 मई से 2 जून तक प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, इंदौर संभाग में कहीं-कहीं अच्छी बरसात होने की संभावना है।

दमोह-पन्नाा में बारिश, विंध्य में बारिश से तापमान में कुछ गिरावट

जबलपुर (रीजनल टीम)। गुरुवार शाम विंध्य के सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली में आंधी के साथ हुई बारिश के बाद मौसम में नमी आ गई थी और रातभर मौसम ठंडा रहा। शुक्रवार सुबह से सूरज निकलते ही उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान करके रखा। हालांकि शुक्रवार को पारे में कमी रही। इधर, शुक्रवार की शाम बुंदेलखंड के दमोह और पन्ना में मौसम में बदलाव हुआ और आंधी के साथ बारिश हुई। कई स्थानों पर कच्चे मकान और पेड़ गिर गए। खरीदी केंद्रों में रखा अनाज भीग गया। पन्ना में खरीदी केंद्र देवेंद्रनगर में खुले में रखा समर्थन मूल्य का चना, मसूर की बोरियां भीग गईं।

तापमान की स्थिति

नरसिंहपुर- 45.0 सतना- 44.8 बालाघाट- 44.6 मंडला- 43.5 सीधी- 43.2 सिवनी- 42.6 दमोह- 42.4 शहडोल- 42.0 अनूपपुर- 42.0 उमरिया- 41.5 डिंडौरी- 41.4 पन्ना- 41.5 रीवा- 37.7

बड़वानी-बुरहानपुर में 45 डिग्री

मालवा-निमाड़ (नईदुनिया टीम)। नौतपा में मालवा-निमाड़ के जिलों में सूरज आग बरसा रहा है। भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को बड़वानी और बुरहानपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, वहीं खरगोन में 44 डिग्री रहा। अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग ने तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है।

जिला अधिकतम न्यूनतम

बड़वानी 45.8 27.6बुरहानपुर 45.1 28.0खरगोन 44.4 23.2शाजापुर 42.0 29.9नीमच 42.0 29.0धार 42.0 23.2रतलाम 41.5 26.0खंडवा 41.1 24.0देवास 41.0 28.0झाबुआ 41.0 27.5मंदसौर 40.8 26.0इंदौर 40.6 26.6उज्जैन 40.5 27.0