लखनऊ :उ0प्र0 में ईको पर्यटन विकास की परियोजनाओं के लिए सुनहरा अवसर-जयवीर सिंह

 

न्यूज ऑफ़ इंडिया (एजेंसी)

लखनऊ : 16 फरवरी, 2024

ईको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आज फिरोजाबाद में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह एवं पर्यावरण जन्तु उद्यान तथा जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा0 अरूण कुमार सक्सेना ने संयुक्त रूप से रायबरेली, पीलीभीत तथा लखीमपुर सहित 10 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसमें रायबरेली स्थित समसपुर पक्षी बिहार, इंदिरा गांधी स्मारक वानस्पतिक उद्यान, पीलीभीत टाइगर रिजर्व शामिल हैं।
लोकार्पण के अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उ0प्र0 घरेलू पर्यटन के मामले में देश में पहले स्थान पर है। अयोध्या में श्रीराम लला के मंदिर के लोकार्पण के बाद उ0प्र0 वैश्विक पर्यटन स्थलों में अपना नाम शामिल किया है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विदेशों से आने वाले पर्यटकों के मामलों में भी उ0प्र0 पहले स्थान पर हो। इसके लिए बेहतर कनेक्टिविटी एवं उच्च स्तरीय अवस्थापना सुविधायें उपलब्ध करायी गयी हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि यमुना नदी के तट पर स्थित रपड़ी एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। यहां पर्यटक सुविधाओं के विकास के बाद बड़ी संख्या में पर्यटकों का आगमन होगा। उन्होंने कहा कि रपड़ी से बटेश्वर, बटेश्वर से आगरा, आगरा से मथुरा और मथुरा से गोकुल तक वाटर क्रूज चलाने की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक बड़ी नदियों में जहां जहां क्रूज का संचालन शुरू किया गया है। वहॉ अप्रत्याशित सफलता प्राप्त हुई है।
जयवीर सिंह ने कहा कि फिरोजाबाद की शिकोहाबाद तहसील स्थित रपड़ी वन क्षेत्र का पर्यटन विकास, बहराइच जिले की तहसील मिहीपुरवा स्थित कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार में साइनेज बोर्ड का कार्य, सोनभद्र जिले में हाथीनाला बायोडाइवर्सिटी हॉट स्पॉट का पर्यटन विकास, लखीमपुर खीरी में दक्षिणी खीरी वन प्रभाग के मोहम्मदी रेंज में पर्यटन विकास, रायबरेली जिले में समसपुर पक्षी विहार तथा इंदिरा गांधी स्मारक वानस्पतिक उद्यान का पर्यटन विकास, पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन विकास, वाराणसी में काशी वन्य प्रभाग रामनगर के आधीन और वाटांड का पर्यटन विकास, आगरा जिले में सुर सरोवर पक्षी विहार कीठम का पर्यटन विकास और बिजनौर जनपद स्थित अमानगढ़ टाइगर रिजर्व का पर्यटन विकास संबंधी परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है।
जलवायु परिवर्तन मंत्री डा0 अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि पर्यटन के मामले में उ0प्र0 लगातार प्रगति कर रहा है। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। वन विभाग पर्यटन स्थलों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आगमन को देखते हुए उच्चस्तरीय पर्यटक सुविधाओं के सृजन तथा पर्यटकों के अनुभवों को बेहतर करने के उद्देश्य से ईको पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं के सृजन के साथ ही पर्यटन स्थलों का विकास व सौन्दर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। वर्ष 2022-23 में 19 ईको टूरिज्म परियोजनायें स्वीकृत की गयी थी। उन्होंने कहा कि ईको पर्यटन बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।