यूएई में करीब 50 व्यापारियों से करोड़ों की ठगी कर एक भारतीय वहां से निकला भाग

दुबई। यूएई में करीब 50 व्यापारियों से 16 लाख डॉलर (लगभग 12 करोड़ रुपये) की ठगी कर एक भारतीय वहां से भाग निकला। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह हैदराबाद पहुंच गया है। दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत विपुल ने पीड़ित व्यापारियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है

जालसाजी का आरोपित योगेश अशोक यारिआवा 11 मई को वंदे भारत अभियान के तहत भारतीयों को लेने गए विमान से अबूधाबी से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ। गल्फ न्यूज के मुताबिक, यारिआवा जालसाज रॉयल लक फूडस्टफ ट्रेडिंग का मालिक है।

भारत भागने से पहले उसने व्यापारियों से पोस्ट डेटेड चेक पर 60 लाख दिरहम (16 लाख डॉलर) की खरीदारी की। उसने मॉस्क, हैंड सैनिटाइजर, मेडिकल ग्लव्स, चावल और मेवे के अलावा कई महंगे सामान खरीदे। जैसे-जैसे ठगी के शिकार लोग सामने आते गए सामान और राशि की सूची लंबी होती गई। पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। व्यापारियों ने कहा कि जब चेक बाउंस होने लगे तब वे लोग दुबई में रॉयल लक के कार्यालय पहुंचे। लेकिन वहां शटर बंद मिले।