लखनऊ : परिश्रम की पराकाष्ठा पर जाकर कड़ी मेहनत, पूर्ण निष्ठा एवं लगन से करें अपने दायित्वों का निर्वहन- स्वतंत्र देव सिंह

परिश्रम की पराकाष्ठा पर जाकर कड़ी मेहनत, पूर्ण निष्ठा एवं लगन से करें अपने दायित्वों का निर्वहन- स्वतंत्र देव सिंह

 

लखनऊ: 26 फरवरी, 2024

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से भर्ती और पदस्थापना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। भर्ती से लेकर तैनाती तक की पूरी प्रक्रिया में कहीं भी किसी प्रकार की अनियमित्ता नहीं होने दी जाएगी। जलशक्ति मंत्री ने अवर अभियन्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी ईमानदारी से कार्य करते हुए प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। आप सभी की नियुक्ति से लेकर पदस्थापन तक की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीक़े से हुई है सभी अभियंता अपने तैनाती स्थल पर ग़रीबों की खुशहाली के लिए पूर्ण मनोयोग से कार्य करें। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री ने यह बातें कल देर शाम यहाँ तेलीबाग स्थित डा० राम मनोहर लोहिया परिकल्प भवन के सभागार में आयोजित पदस्थपन कार्यक्रम में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से नवचयनित अवर अभियंताओं (सिविल) की ऐक्षिक विकल्प आधारित पारदर्शितापूर्ण पदस्थापन के अवसर पर कही।
जल शक्ति मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सभी नवनियुक्त अवर अभियंता अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए अन्नदाता किसानों को खुशहाल बनाएं, किसानो की आय बढ़ाना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, यदि किसान खुशहाल होंगे तो देश एवं प्रदेश की तरक्की होगी। आप सभी देश एवं प्रदेश का भविष्य हैं, देश एवं प्रदेश को आगे ले जाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
पदस्थापन कार्यक्रम में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा नव चयनित अवर अभियन्ता (सिविल) की पारदर्शीपूर्ण व्यवस्थान्तर्गत अभियंताओं को उनके ऐच्छिक विकल्प के आधार पर पदस्थापना किया गया। ऐच्छिक विकल्प चयन पर आधारित प्रक्रिया द्वारा पदस्थापना पर नवनियुक्त अभियंताओं (सिविल) द्वारा प्रसन्नता भी व्यक्त की गयी।
इस अवसर पर जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जलसंसाधन अनिल गर्ग, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, प्रमुख अभियंता परियोजना अखिलेश सचान सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।