जौनपुर: भाजपा ने संविधान एवं लोकतंत्र को तार तार करने का किया काम : बाबू सिंह कुशवाहा

भाजपा ने संविधान एवं लोकतंत्र को तार तार करने का किया काम : बाबू सिंह कुशवाहा

शिव कुमार प्रजापति
शाहगंज जौनपुर। इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी से लोकसभा के उम्मीदवार बाबू सिंह कुशवाहा ने सोमवार को शाहगंज विधानसभा के एक होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा ने सत्ता में आकर संविधान एवं लोकतंत्र को तार तार करने का काम किया। वहीं नौजवानों को रोज़गार से वंचित कर दिया। इसमें सबसे अधिक नुकसान पीडीए समाज को पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि आज देश के संविधान, आरक्षण को बचाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। ऐसे में हम सभी का आवाहन करते हैं कि इंडिया गठबंधन को जनपद की जौनपुर सीट को विजयी बना कर केंद्र से भाजपा को उखाड़ फेंकना चाहिए। शाहगंज नगर से सटे एक लॉन में इंडिया गठबंधन के सभी पार्टियों का कार्यकर्ता सम्मेलन बैठक आयोजित किया गया था। जिसमें आम आदमी पार्टी, जन अधिकार पार्टी, सपा, कांग्रेस, के विधानसभा सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री शैलेंद्र कुमार यादव ललई ने कहा कि आज शासन सत्ता पर भरोसा करने लायक नहीं है। प्रशासन भी सत्ता के इशारे पर पर चल रहा है। प्रत्येक कार्यकर्ता को जौनपुर में गठबंधन प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा को विजयी बनाने के लिए जुट जाना चाहिए। उक्त अवसर पर आम आदमी पार्टी से विनोद प्रजापति, आप जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह, पूर्व विधायक अरशद, सैयद उरूज फैसल सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यकर्ता बैठक का संचालन सैयद उरूज ने किया। शाहगंज कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय मय फोर्स लगातार चक्रमण करते रहे।