सीतापुर : एक ही घर में छह लोगों की हत्या, छठी लाश और 2 गोलियों के निशान से बदली थ्योरी

सीतापुर। यूपी के सीतापुर में एक ही घर में छह लोगों की हत्या के मामले में शुरू-शुरू में समाने आई सुसाइड की पुलिस की थ्योरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पलट गई। पुलिस ने पहले इस मामले में कहा था कि इनमें से पांच की हत्या हुई जबकि छठवें शख्स ने पांच लोगों की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली है। लेकिन घटना के 24 घंटे बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस थ्योरी को पलट दिया। रिपोर्ट से पुलिस को पता चलता है कि उस छठे शख्स ने अपने सिर में दो गोली मारी थी। यही नहीं हथौड़े से खुद के सिर पर वार भी किया था। इस तरह इस कांड की गुत्थी उलझने लगी लेकिन अब पता चल रहा है कि सीतापुर कांड सुसाइड नहीं बल्कि नरसंहार था। आइए जानते हैं कि छह लोगों के इस सामूहिक हत्याकांड के मामले की तफ्तीश में अब तक क्या बातें सामने आई हैं। सीतापुर के पाल्हापुर गांव में यह घटना 11 मई यानी पिछले शनिवार को तड़के चार बजे के आसपास हुई। यहां के प्रगतिशील किसान स्व. वीरेंद्र सिंह के बड़े पुत्र अनुराग सिंह (उम्र 42 वर्ष) उर्फ पिंकू खेती किसानी करते थे। अनुराग सिंह अपने खेत से तरबूज ट्रक में लोड करवा कर घर आया था। उसी दौरान घर में चीख पुकार मची। मरने वालों में अनुराग की मां सावित्री (65),पत्नी प्रियंका (40), बेटी अश्विनी (12), बेटी अश्वी (9) और बेटा आदविक (6) शामिल हैं। सभी के शव अलग अलग पड़े हुए थे। सावित्री देवी का शव कमरे में पड़ा था। प्रियंका सिंह का शव छत पर चारपाई पर पड़ा था। बच्चों के शव छत से नीचे फेंके गए थे। इनमें बेटे आदविक की सांस चल रही थी, जिसकी लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाए जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। वहीं अनुराग सिंह की लाश एक दूसरे कमरे में पड़ी थी। शुरू-शुरू में पुलिस ने कहा कि घटना को अंजाम देने के बाद एक कमरे में जाकर अनुराग सिंह ने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने यह भी कहा कि अनुराग सिंह नशे का आदी था। नशे में आकर उसने यह वारदात की। पुलिस अधिकारी अब भी सिर्फ जांच की बात कह रहे हैं। फारेंसिक टीम ने घर के पीछे के दरवाजे में लगे खून और बाथरूम में खून के नमूने लेकर रिपोर्ट भी सौंप दी है। उम्मीद है जल्द पुलिस स्थिति स्पष्ट करेगी। वहीं, हत्याकांड की गूंज लखनऊ तक पहुंच गई है। अनुराग की पत्नी प्रियंका बच्चों के साथ लखनऊ के गुड़म्बा स्थित सरगम अपार्टमेंट के फ्लैट में रहती थी। यहां पड़ोसियों ने सोमवार रात मोमबत्ती जलाकर परिवार को श्रद्धांजलि दी। साथ ही पूरे मामले की जांच जज के नेतृत्व में एसआईटी से कराने की मांग की। पहले पुलिस ने अनुराग सिंह को नशे में हत्याएं कर सुसाइड करने की बात कही थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनुराग सिंह के सिर पर दो गोलियों के निशान ने चौंका दिया। तफ्तीश घूम गई और पुलिस ने मृतक के छोटे भाई पूछताछ को बुला लिया। एसओजी भी आ गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छोटा भाई ही हत्याओं का जिम्मेदार है, उसने भाड़े के हत्यारों से कत्ल कराया है। घर के साइड दरवाजे को उसने अंदर से खोल दिया और हत्यारे अंदर प्रवेश कर गए। हालांकि पुलिस-एसओजी टीम अभी भाई से दूसरे थाने में पूछताछ कर रही है। जल्द खुलासे की बात कही जा रही है। स्थानीय पुलिस की किरकिरी होता देख जांच पर लखनऊ के पुलिस अधिकारी खुद निगरानी रख रहे हैं। सोमवार शाम आईजी रेंज लखनऊ तरुण गाबा ने घटनास्थल का जायजा लेकर परिजनों से बात के बाद आईजी ने एसपी, एसओ और एसओजी टीम के साथ बैठक कर दिशानिर्देश दिये। आईजी लखनऊ रेंज तरुण गाबा ने बताया कि अनुराग के सिर में दो गोली की पुष्टि हुई है। इसे हत्या मान कई बिन्दुओं पर जांच हो रही है। कई लोग हिरासत में है। पुख्ता साक्ष्य हाथ लगते ही खुलासा किया जायेगा।
Tags: