*TV20 NEWS || AZAMGHARH : जिलाधिकारी ने की आगामी जगन्नाथ यात्रा, मोहर्रम, कांवड़ यात्रा/सावन मेला के आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने हेतु बैठक*

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, आजमगढ़।
———————————-
जिलाधिकारी ने की आगामी जगन्नाथ यात्रा, मोहर्रम, कांवड़ यात्रा/सावन मेला के आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने हेतु बैठक

त्यौहारों को परंपरागत तरीके से ही मनाया जाये-जिलाधिकारी

यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर आवागमन योग्य बनाना सुनिश्चित करें-जिलाधिकारी

डीजे को निर्धारित डेसिबल मे ही बजाये एवं विवादित गाने कदापि न बजाये- जिलाधिकारी

संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए हैसियत के अनुसार पाबंद करें-पुलिस अधीक्षक

आजमगढ़ 26 जून- जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री हेमराज मीना की उपस्थिति में आगामी जगन्नाथ यात्रा, मोहर्रम, कांवड़ यात्रा/सावन मेला के आयोजनों के दृष्टिगत कानून व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों के दृष्टिगत बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आयोजन में किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों को परंपरागत तरीके से ही मनाया जाये। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में नए रूटों पर ताजिया का जुलूस न निकले।

जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम/सीओ को निर्देशित किया कि पीस कमेटी के साथ ही आयोजकों की भी बैठक सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई के संबंध में जो मानक है, उसके सम्बन्ध में आयोजकों को बता जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानक के अनुसार ही ताजियों की ऊंचाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ताजिये का जुलूस यदि किसी भी व्यक्तिगत जमीन/खेत से होकर जाता है तो संबंधित से बातचीत कर सहमति ले लिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी विवादित स्थान है या पूर्व में विवाद हुआ है तो दोनों पक्षों को बुलाकर बात करें तथा सहमति ले लिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जुलूस के दौरान यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जुलूस के रूटों का निरीक्षण कर लिया जाए तथा विद्युत के लटके तारों एवं जर्ज़र पोल को सही करें, पेड़ों की लटकी डालियों को काट दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास/कावड़ यात्रा के दृष्टिगत पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया कि यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर आवागमन योग्य बनाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर गड्ढे, सीसा, कील, कांटे आदि ना हो। उन्होंने कहा कि सभी अधिशासी अधिकारी/डीपीआरओ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी शिवालयों, घाटों एवं मंदिर मार्गों की सफाई एवं मरम्मत किया जाए। उन्होंने कहा कि घाटों की सीढ़ियों की मरम्मत किया जाये, भीड़ को मैनेज करने की व्यवस्था बना लिया जाए। बैरिकेडिंग करा लिया जाये तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय कर दिया जाए एवं लाइट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि डीजे को निर्धारित मानक के अनुसार ही बजाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि डीजे पर विवादित गाने कदापि न बजे, जिससे किसी को परेशानी न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री हेमराज मीना ने कहा कि सीओ/एसडीएम पीस कमेटी और ताजियादारों को बुलाकर बैठक कर लें तथा कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि एक उपस्थिति रजिस्टर बना लें, जिसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर दर्ज करें। उन्होंने कहा की हैसियत के अनुसार पाबंद किया जाये। उन्होंने कहा कि रूट मार्च एवं फील्ड विजिट सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चौकी इंचार्ज, थाना प्रभारी सभी रूटों एवं स्थानों को जाकर स्वयं देखें। उन्होंने कहा कि सभी सीओ/एसडीएम/ एसएचओ आपसी समन्वय स्थापित कर त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में सभी थानों के संभ्रांत नागरिक भी उपस्थित थे, संभ्रांत नागरिकों द्वारा जो समस्याएं/सुझाव दिए गए, उसके संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री गंभीर सिंह, एसीएमओं, जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, समस्त एसडीएम/सीओ, पीडब्ल्यूडी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, विद्युत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

——-जि0सू0का0 आजमगढ़-26.06.2025——–