*TV20 NEWS || AZAMGHARH : आजमगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, कानूनी अधिकारों की दी गई

आजमगढ़ 18 जुलाई– मा0 उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में आज तहसील विधिक सेवा समिति- सदर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिविर में उपस्थित लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करना था।
शिविर को सम्बोधित करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अंकित वर्मा द्वारा बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को कोई कानूनी समस्या है तथा उसका निस्तारण नहीं हो पा रहा है तो ऐसा व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ में उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दे सकता है, जिसका सम्बन्धित प्राधिकारी द्वारा निस्तारण किया जाता है। सचिव द्वारा बताया गया कि यदि कोई बन्दी गरीब तथा असहाय है और न्यायालय द्वारा जमानत हो जाने के बाद भी कारागार में निरूद्ध है तो ऐसे व्यक्ति को लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्री ध्रुव चन्द्र त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, आजमगढ़ द्वारा शासन के अनुरूप चलायी जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गयी।
श्री आशीष कुमार राय, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल द्वारा बताया गया कि दिनांक 01 जुलाई 2025 से 30 सितम्बर 2025 तक ’’राष्ट्र के लिए मध्यस्थता’’ कार्यक्रम का अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत पक्षकार सुलह-समझौता केन्द्र में उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने लम्बित वाद का निस्तारण करा सकते हैं। श्री संदीप कुमार यादव द्वारा आन्तरिक परिवाद समिति के बारे में जानकारी दी गयी, जिसमें बताया गया कि प्रत्येक ऐसा स्थल जहॉ पर 10 या 10 से अधिक महिला कर्मचारी कार्यरत है वहॉ पर आन्तरिक परिवाद समिति का गठन किया गया है। इसके अन्तर्गत यदि किसी महिला कर्मचारी को कोई समस्या आ रही है तो वह आन्तरिक परिवाद समिति में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है, जिसका त्वरित निस्तारण किया जाता है। यादव संदीप कुमार द्वारा नालसा हेल्पलाइन नं0- 15100 के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया यदि किसी व्यक्ति को कानूनी सहायता की आवश्यकता है तो वह हेल्पलाइन नम्बर पर कॉल कर विधिक जानकारी प्राप्त कर सकता है।

इस अवसर पर श्री नरेन्द्र कुमार गंगवार, उपजिलाधिकारी-सदर, श्री ध्रुव चन्द्र त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, श्री विवेकानन्द दूबे, तहसीलदार-सदर, श्री आशीष कुमार राय, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, श्री प्रवीण कुमार सिंह, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, यादव संदीप कुमार लालताराम, असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, पराविधिक स्वयं सेवक तथा क्षेत्र की महिलायें उपस्थित रहीं।