आजमगढ़ 14 नवम्बर– उप कृषि निदेशक श्री आशीष कुमार ने बताया है कि मा0 राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा दिये गये निर्देशों का उल्लंघन कर फसल अवशेष जलाये जाने की घटना कारित किये जाने के कारण जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार जनपद आजमगढ़ के चार किसानो के विरूद्ध मु0 10000 रूपये जुर्माना अधिरोपित करने की कार्यवाही उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर तथा सगड़ी द्वारा की गयी।
जनपद के समस्त कम्बाईन हार्वेस्टर मालिकों को जिलाधिकारी महोदय के तरफ से अर्द्धशासकीय पत्र जारी करते हुए कम्बाईन के साथ सुपर एस0एम0एस0 अथवा अन्य फसल अवशेष प्रबन्धन के कृषि यन्त्रों को साथ में चलाये जाने हेतु उप कृषि निदेशक कार्यालय से एन0ओ0सी0 प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया है। बिना एस0एम0एस0 लगाये हार्वेस्टर से कटाई एवं फसल अपशिष्ट जलाये जाने की घटना प्रकाश में आने पर दोषी के विरूद्ध विधिक कार्यवाही की जायेगी।
पराली जलाने पर मा0 राष्ट्रीय हरित अधिकारण के आदेश के क्रम में पर्यावरण क्षतिपूर्ति हेतु निहित निर्देशों के अनुसार दोषी पाये जाने पर कृषि भूमि का क्षेत्रफल दो एकड़ से कम होने की दशा में रू0-2500.00 प्रति घटना, कृषि भूमि का क्षेत्रफल दो एकड़ से अधिक किन्तु पाँच एकड़ तक होने की दशा में रू0-5000.00 प्रति घटना, कृषि भूमि का क्षेत्रफल पाँच एकड़ से अधिक होने की दशा में रू0-15000.00 प्रति घटना अर्थदण्ड आरोपित किया जायेगा एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण अधिनियम की धारा-24 के अन्तर्गत क्षतिपूर्ति की वसूली के सम्बन्ध में कार्यवाही की जायेगी।
इसी के साथ जिलाधिकारी द्वारा सभी उप जिलाधिकारी/क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जो भी कम्बाईन हार्वेस्टर बेगर एस0एम0एस0 के कटाई करते पाये जाये तो तत्काल सीज की कार्यवाही की जाये तथा साथ ही राजस्व विभाग के लेखपाल एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे निरन्तर अपने कार्यक्षेत्र में भ्रमणशील रहे और कृषको को फसल अवशेष प्रबन्धन की समुचित जानकारी दें, यदि इसके बावजूद भी किसी कृषक द्वारा फसल अवशेष जलाये जाने कि घटना प्रकाश में आती है तो सम्बन्धित के विरूद्व उसी दिन नियमानुसार वसूली/अर्थदण्ड की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। जिलाधिकारी महोदय द्वारा जनपद के सभी कृषको एवं ग्राम प्रधान/जनप्रतिनिधियों से अपील की गयी कि फसल अवशेष कदापि न जलाये वरन इसका उचित प्रबन्धन कर खेत की मिट्टी में मिलाते हुई उर्वरता को बढाये तथा पर्यावरण को स्वस्थ रखने में सहयोग प्रदान करें।





