TV 20 NEWS || AZAMGARH : पुलिस लाइन आजमगढ़ में विभिन्न नवीन सुविधाओं एवं केंद्रों का भव्य उद्घाटन

पुलिस लाइन आजमगढ़ में विभिन्न नवीन सुविधाओं एवं केंद्रों का भव्य उद्घाटन
आज दिनांक 16.11.2025 को पुलिस लाइन आजमगढ़ में फायरिंग सिम्यूलेटर, आधुनिक क्लासरूम, पुलिस मेस, क्रेच हाउस, सिविल डिफेंस यूनिट, ब्लड डोनेशन कैंप तथा थाना कोतवाली नगर में स्थापित महिला परामर्श केंद्र का भव्य उद्घाटन पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार (IPS) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री परिक्षित खटाना , अपर जिलाधिकारी श्री राहुल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह , अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री शुभम तोदी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

➡ ब्लड डोनेशन कैम्प का शुभारंभ
जनसेवा और मानवता की भावना से पुलिस लाइन आजमगढ़ में ब्लड डोनेशन कैम्प का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र आजमगढ़ श्री सुनील कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा स्वयं रक्तदान कर किया गया, जिससे कार्यक्रम का सकारात्मक संदेश और अधिक प्रभावी रूप में प्रसारित हुआ।
इसके उपरांत जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं 06 रिक्रूट महिला आरक्षियों व अन्य पुलिसकर्मी सहित कुल 18 व्यक्तियों द्वारा 18 यूनिट रक्तदान किया गया। यह कदम समाज में पुलिस बल की संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करता है।
कैंप में मेडिकल टीम द्वारा रक्त दाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षित रक्त संग्रह की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की गई। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को अमूल्य सहयोग मिलेगा तथा समाज में जागरूकता का संदेश प्रसारित होगा।
उच्चाधिकारियों द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए प्रशस्ति पत्र दिया गया और उनके इस मानवता भरे योगदान की सराहना की गई।

➡ सिविल डिफेंस यूनिट का भव्य उद्घाटन
आजमगढ़ में आपदा प्रबंधन, बचाव कार्य एवं जन-सहायता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस यूनिट का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह यूनिट आपातकालीन परिस्थितियों में राहत, बचाव एवं जन–सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
यूनिट में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों के लिए उपकरण, सुरक्षा सामग्री एवं प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित व सक्षम सहायता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र आजमगढ़ श्री सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री परिक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी श्री राहुल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह , अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री शुभम तोदी सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
उच्चाधिकारियों द्वारा यूनिट की कार्यप्रणाली, उपलब्ध उपकरण, सुरक्षा सामग्री एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं के संबंध में संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन से निपटने के महत्त्वपूर्ण टिप्स एवं दिशा-निर्देश दिये गये।
कार्यक्रम के अंत में सिविल डिफेंस के स्वयंसेवी सदस्यों को कैप एवं टी–शर्ट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

➡ पुलिस लाइन में अन्नपूर्णा पुलिस मेस का शुभारंभ
पुलिसकर्मियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन आजमगढ़ में नवनिर्मित अन्नपूर्णा पुलिस मेस का विधिवत उद्घाटन किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस मेस में बेहतरीन भोजन व्यवस्था, आधुनिक किचन, स्वच्छ वातावरण तथा आरामदायक बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो पुलिसकर्मियों को बेहतर पोषण के साथ-साथ उनकी थकान और कार्यजनित तनाव कम करने में सहायक सिद्ध होगी।
उच्चाधिकारियों द्वारा मेस की संपूर्ण व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा किचन प्रबंधन का विस्तार से निरीक्षण किया गया और व्यवस्थाओं को सराहनीय बताया गया।

➡ नव निर्मित दो आधुनिक क्लासरूम—सरस्वती क्लासरूम एवं शारदा क्लासरूम का उद्घाटन
पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण स्तर को और अधिक उन्नत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निर्मित दो अत्याधुनिक क्लासरूम—सरस्वती क्लासरूम एवं शारदा क्लासरूम—का विधिवत उद्घाटन किया गया।
ये दोनों प्रशिक्षण कक्ष आधुनिक शिक्षण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए हैं तथा इनमें प्रोजेक्टर, स्मार्ट बोर्ड, आरामदायक बैठने की व्यवस्था एवं उपयुक्त शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इन सुविधाओं के माध्यम से पुलिसकर्मियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण सत्र, कार्यशालाएँ, सामरिक ब्रीफिंग और विभिन्न शिक्षण गतिविधियाँ अब और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगी।
उच्चाधिकारियों ने क्लासरूम का निरीक्षण कर इसकी संरचना, तकनीकी सुविधाओं तथा प्रशिक्षण उपयोगिता की सराहना की और इसे एक महत्वपूर्ण व उपयोगी पहल बताया।
➡ पुलिस लाइन में अत्याधुनिक फायरिंग सिम्यूलेटर “ द्रोणाचार्य” का उद्घाटन
पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक आधारित एवं वास्तविक परिस्थितियों जैसा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु पुलिस लाइन आजमगढ़ में अत्याधुनिक फायरिंग सिम्यूलेटर “ द्रोणाचार्य” का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह सिम्यूलेटर पुलिस बल की निशानेबाज़ी, त्वरित निर्णय क्षमता तथा टैक्टिकल ट्रेनिंग को नई दिशा प्रदान करेगा।
इस उन्नत तकनीक की विशेषता यह है कि यह हर मौसम और किसी भी समय प्रभावी प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराता है, जिससे पुलिसकर्मियों की फायरिंग दक्षता और अधिक सुदृढ़ होगी।
उच्चाधिकारियों द्वारा सिम्यूलेटर की कार्यप्रणाली एवं प्रशिक्षण मॉड्यूल का विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा इसकी क्षमताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। उद्घाटन अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं सिम्यूलेटर पर निशाना साधकर प्रशिक्षण तकनीक का अनुभव भी किया, जिसे उपस्थित जनों द्वारा सराहा गया।

➡ क्रेच हाउस (बाल देखभाल केंद्र) “नन्हे सितारे” का उद्घाटन
महिला पुलिसकर्मियों एवं स्टाफ के बच्चों की सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन आजमगढ़ में क्रेच हाउस (बाल देखभाल केंद्र) “नन्हे सितारे” का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह केंद्र बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, आरामदायक एवं शिक्षाप्रद वातावरण प्रदान करता है, जिससे महिला कर्मियों को ड्यूटी के दौरान मानसिक रूप से निश्चिंत रहकर कार्य करने में सहायता मिलेगी और उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
उच्चाधिकारियों द्वारा क्रेच हाउस की सभी व्यवस्थाओं, सुरक्षा उपायों, शिक्षण-सामग्री तथा बच्चों की सुविधाओं का विस्तार से निरीक्षण किया गया और इसे एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताया गया।
उद्घाटन के दौरान क्रेच में उपस्थित नन्हे बच्चों ने उपलब्ध खिलौनों को देखकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और उनके खिले हुए चेहरे कार्यक्रम की खुशी को और बढ़ा रहे थे।

➡ मिशन शक्ति के तहत परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन
उक्त अवसर पर थाना कोतवाली नगर, जनपद आजमगढ़ में मिशन शक्ति के तहत परिवार परामर्श केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सहयोग, परामर्श एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।
महिला परामर्श केंद्र का मुख्य लक्ष्य बिछड़े हुए परिवारों को पुनः जोड़ने, घरेलू विवादों का समाधान कराने, तथा पीड़ित महिलाओं को कानूनी, मानसिक एवं सामाजिक सहायता प्रदान करने की दिशा में प्रभावी कार्य करना है। यह केंद्र महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद मंच उपलब्ध कराएगा, जहाँ उनकी समस्याओं का शीघ्र, सम्मानजनक और सहानुभूतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

➡ इन सभी व्यवस्थाओं के उद्घाटन का मूल उद्देश्य पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण को उन्नत करना, उनकी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना तथा पुलिस परिवारजनों को सुरक्षित, सहज और सहयोगपूर्ण वातावरण प्रदान करना था, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और सेवा-भाव में और अधिक वृद्धि हो सके।