*TV20 NEWS || AZAMGARH: भूमि विवाद में अवैध निर्माण पर विवाद बढ़ा,मन्दुरी गांव में रास्ता रोकने का आरोप,पीड़ितों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार,पुलिस कार्रवाई न होने पर तनाव गहराया*
आजमगढ़ जनपद के कन्धरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मन्दुरी में भूमि विवाद को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामवासी करीम पुत्र हनीफ तथा खुदाबक्स पुत्र हनीफ ने जिलाधिकारी आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके गांव के ही निवासी राजाराम पुत्र गोमती, जो मनबढ़ व दबंग प्रवृत्ति का है, विवादित भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर रहा है।
प्रार्थीगण का कहना है कि गाटा संख्या 294 मि०, क्षेत्रफल 0.10380 हेक्टेयर, जो आराजी नेजाई मिनजुमला गाटा है, उनके नाम अभिलेखों में दर्ज है। इस भूमि के बंटवारे से संबंधित मुकदमा वर्तमान में जिलाधिकारी के न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी राजाराम सड़क (पक्की सड़क) के किनारे अवैध रूप से निर्माण कार्य कर रहा है, जबकि भूमि पर उसका नाम खतौनी में दर्ज ही नहीं है।
प्रार्थियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने राजाराम से आने-जाने के लिए रास्ता देने की बात कही, तो उसने मारपीट व गाली-गलौज की धमकी दी और निर्माण जारी रखने की बात कही। प्रार्थियों का कहना है कि यदि यह निर्माण नहीं रोका गया, तो उनकी भूमि तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा, क्योंकि उस गाटा तक जाने का अन्य कोई मार्ग उपलब्ध नहीं है।
पीड़ितों के अनुसार मामला स्थानीय पुलिस—थाना कन्धरापुर—के संज्ञान में भी लाया गया, लेकिन पुलिस ने स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) लाने की बात कहकर कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।
प्रार्थीगण ने जिलाधिकारी आजमगढ़ से अनुरोध किया है कि राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और पुलिस टीम के माध्यम से तत्काल निर्माण कार्य रुकवाया जाए, ताकि उनका रास्ता बंद न हो और विवादित भूमि पर किसी प्रकार का अवैध निर्माण न होने पाए।
मामले में जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा क्या कार्रवाई की जाएगी, यह देखना महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि ग्राम मन्दुरी में स्थिति तनावपूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है।





