TV 20 NEWS || AZAMGARH : आजमगढ़: मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला की समीक्षा में स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर अनियमितताएँ सामने
कार्यालय : मुख्य चिकित्साधिकारी, आजमगढ़
प्रेस विज्ञप्ति -1
मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के अंतर्गत जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के क्रम में उपलब्ध प्रगति रिपोर्ट का परीक्षण किए जाने पर गंभीर अनियमितताएँ एवं अपेक्षित सहभागिता का अभाव सामने आया है। प्राप्त आँकड़ों के अनुसार कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीज पंजीकरण, उपचार एवं सेवाओं की स्थिति अत्यंत निराशाजनक पाई गई, जिसे शासन की मंशा एवं निर्देशों के प्रतिकूल माना गया है।
इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने अनन्तपुरा (नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र), अतरैठ, छिड़ी ब्राह्मण, दलसिंगार (नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र), कुशल गांव, मदीयापार, मुबारकपुर (नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़ैया, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकिया पल्थी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज, फुलेश, पुष्पनगर, राजापुर, सेनपुर एवं कुंडीगढ़ (नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र) के प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि “मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही अथवा औपचारिकता कतई स्वीकार्य नहीं होगी।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी मेला दिवस पर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा अनुरूप एवं संतोषजनक प्रदर्शन सुनिश्चित नहीं किया गया, तो न केवल विभागीय बल्कि आवश्यकतानुसार प्रशासनिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी मेला दिवस पर प्रदर्शन की समीक्षा करते समय संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक के साथ-साथ आशा, एएनएम एवं अन्य फील्ड स्टाफ की जिम्मेदारी भी निर्धारित की जाएगी तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी मेला दिवस पर सभी केंद्र प्रभारी स्वयं अपनी टीम सहित उपस्थित रहकर अधिकतम संख्या में मरीजों का पंजीकरण, गुणवत्तापूर्ण परामर्श, जांच एवं निःशुल्क औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। ऐसे सभी केंद्रों को सघन मानिटरिंग में रखा गया है।
(डाॅ एन आर वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़





