TV 20 NEWS || AZAMGARH : अवैध निर्माण रोकने पर महिला को दी जान से मारने की धमकी पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
आजमगढ़ जनपद के थाना फूलपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हाजीपुर ए० आलमपुर में भूमि विवाद को लेकर एक महिला को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता नीलम ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार उसकी आराजी संख्या 247 पर उसके जेठ द्वारा अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण रोकने के लिए जब वह मौके पर पहुँची, तो आरोप है कि रविन्द्रनाथ पुत्र कोमल एवं अभिषेक पुत्र रविन्द्रनाथ ने भद्दी-भद्दी गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
नीलम ने आरोप लगाया कि आरोपियों की चाय की दुकान पुलिस चौकी अम्बारी से सटी होने के कारण स्थानीय पुलिस प्रभाव में आकर मौन बनी हुई है। पीड़िता का कहना है कि उसके पुत्र बाहर रहते हैं और पति की तबीयत खराब होने के कारण वह असहाय स्थिति में है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।





