*TV20 NEWS || AZAMGARH :आजमगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर “स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान” का शुभारंभ*
कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, आजमगढ़
प्रेस विज्ञप्ति
आज 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, आजमगढ़ में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पुष्पांजलि समारोह में एडिशनल सीएमओ डाॅ उमाशरण पांडेय डिप्टी सीएमओ डाॅ अविनाश झा , जिला कुष्ठ अधिकारी डा आलेन्द कुमार , कुष्ठ विभाग से एनएमएस रामचंद्र चौहान , ब्रह्मचारी राय, एनएमए शशि भूषण द्विवेदी , पीटीटी शैलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखकर उनके विचारों एवं मानवता के संदेश को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन समानता, करुणा और सामाजिक न्याय को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का उद्देश्य भी यही है कि समाज में कुष्ठ रोग को लेकर फैले भय और भेदभाव को समाप्त कर रोगियों को सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग पूर्णतः उपचार योग्य है और समय पर पहचान एवं उपचार से विकलांगता से बचाव संभव है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक जनपद में यह अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर आमजन को कुष्ठ रोग के लक्षण, कारण, निःशुल्क उपचार व्यवस्था तथा उपचार न कराने की स्थिति में होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भेदभाव समाप्त हो, गरिमा बनी रहे और कोई भी व्यक्ति जांच एवं उपचार से वंचित न रहे।
सीएमओ ने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न विभागों के समन्वय से जन-जागरूकता गतिविधियाँ प्रभावी ढंग से संचालित की जाएँ तथा अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का फोटो एवं वीडियो अभिलेख तैयार कर व्हाट्सऐप ग्रुप एवं ई-मेल के माध्यम से समय से साझा किया जाए।
(डाॅ एन आर वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी,
आजमगढ़





