TV 20 NEWS || SONBHADRA: मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत सोनभद्र पुलिस का व्यापक महिला-बालिका जागरूकता अभियान,महिला सुरक्षा, साइबर सतर्कता एवं आत्मरक्षा को लेकर जनपद भर में सघन जनजागरूकता
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में व्यापक एवं प्रभावी जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, सतर्कता एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी—मिशन शक्ति 5.0) के नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को महिला उत्पीड़न से बचाव, गुड टच-बैड टच की पहचान, आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों, साइबर अपराध के नवीन तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में सरल, प्रभावी एवं संवादात्मक तरीके से जानकारी प्रदान की गई।
विशेष रूप से यह बताया गया कि साइबर अपराधी अक्सर डर, लालच एवं झूठे प्रलोभनों के माध्यम से लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं। अतः किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, संदेश अथवा ओटीपी को साझा न करने तथा किसी भी शंका की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
आपात सहायता हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—
☎ 112 – आपातकालीन सेवा
☎ 1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
☎ 181 – महिला हेल्पलाइन
☎ 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
☎ 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित जनसमूह को यह आश्वस्त किया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा साइबर अपराध की सूचना प्राप्त होने पर सोनभद्र पुलिस द्वारा त्वरित, निष्पक्ष एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





