PM SHRI GGIC, आज़मगढ़ में वार्षिक खेलकूद दिवस समारोह का भव्य आयोजन
PM SHRI योजना के अंतर्गत आज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आज़मगढ़ में वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आज़मगढ़ श्री रविन्द्र कुमार (IAS) महोदय रहे। जिलाधिकारी महोदय द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन किया गया।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में संयुक्त शिक्षा निदेशक, आज़मगढ़ मंडल श्री नवल किशोर (PES), श्री वीरेंद्र प्रताप (PES) तथा श्री शंभु शंकर (DC, समग्र शिक्षा माध्यमिक) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से—
कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, रस्साकशी, कबड्डी, बैडमिंटन एवं खो-खो शामिल रहीं।
साथ ही सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों के अंतर्गत—
चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण, देशभक्ति गीत, नृत्य एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ छात्राओं द्वारा प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम का नोडल दायित्व श्रीमती अमिता मिश्रा द्वारा अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक निभाया गया।
सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन संयुक्त शिक्षा निदेशक, आज़मगढ़ मंडल श्री नवल किशोर (PES) द्वारा किया गया, जिन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस आयोजन को सफल बनाने में उपप्रधानाचार्या श्रीमती राफ़त परवीन,
डॉ. दीपिका, श्रीमती सुनीता, श्रीमती निकहत, श्रीमती अनीता राय, श्रीमती विद्यावती, श्रीमती अनुपम, विधि सिंह,
श्री अरविंद सिंह, श्री मृत्युंजय शाही सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में प्रधानाचार्या रूबी ख़ातून (PES) द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रधानाचार्या ने अपने उद्बोधन में कहा—
“PM SHRI योजना का उद्देश्य केवल शैक्षिक उन्नयन ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं।”
इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक श्री नवल किशोर ने भी कहा कि PM SHRI योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसे खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय द्वारा किया गया यह आयोजन अत्यंत सराहनीय है।





