*TV20 NEWS || AZAMGARH :आजमगढ़ में स्वच्छ पर्यावरण और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम,छात्रों को जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी*

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, आजमगढ़।

——————————–

आजमगढ़ 16 फरवरी– विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् के तत्वाधान में जिलाधिकारी महोदय के मार्गदर्शन में जिला विज्ञान क्लब आजमगढ़ द्वारा स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन हेतु जागरूकता कार्यक्रम श्री अग्रसेन राजकीय महिला महाविद्यालय में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि हमारे आस-पास के वातावरण में बढ़ते प्रदूषण, जल संकट, और गंदगी के कारण न केवल पर्यावरण, बल्कि हमारे स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। पर्यावरण विषय केवल चर्चा का विषय नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व, हमारे भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के जीवन से जुड़ा हुआ है। पर्यावरण केवल हमारे चारों ओर की हवा, पानी और पेड़-पौधों तक सीमित नहीं है, यह हमारी जीवनशैली, हमारी आदतों और हमारी सोच से भी जुड़ा है। यदि हम प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग करेंगे, जल और वायु को प्रदूषित करेंगे, तो उसका दुष्परिणाम हमें बीमारियों, जल संकट और प्राकृतिक आपदाओं के रूप में भुगतना पड़ेगा। स्वच्छ पर्यावरण कोई विकल्प नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। स्वस्थ जीवन कोई संयोग नहीं, बल्कि हमारे दैनिक प्रयासों का परिणाम है।

 

कार्यक्रम में पर्यावरण विषय पर विशेषज्ञ के रूप के जिला विज्ञान के समन्वयक इंजीनियर कुलभूषण सिंह द्वारा जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण आदि पर ऑडियो विजुअल प्रस्तुतीकरण द्वारा जागरूक किया गया तथा जल संरक्षण एवं तमसा नदी से संबंधित विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं के मध्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर डॉ0 विनय कुमार सिंह ने कहा कि यदि हम वास्तव में स्वस्थ जीवन जीना चाहते हैं, तो हमें कुछ सरल लेकिन प्रभावी आदतें अपनानी होंगी, जैसे प्रतिदिन नियमित व्यायाम और योग, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन आदि। उन्होने कहा कि स्वस्थ जीवन कोई लक्ष्य नहीं, बल्कि एक निरंतर प्रक्रिया है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं टीकाकरण आदि का लाभ लेकर लोग अपने आप को स्वस्थ रख सकते हैं।

अजेंद्र राय ने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवन की बारिकियों से अवगत कराया। उन्होने कहा कि यदि हमें स्वस्थ रहना है तो सबसे पहले हमें अपने विचारों पर नियंत्रण  करना होगा, क्योंकि कहावत है की जैसा खाए अन्न, वैसा हो मन।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल हितकारी न्यास के अध्यक्ष श्री सुदर्शन दास अग्रवाल ने किया।

मुख्य अतिथि सहित तमाम आगंतुकगण का स्वागत महाविद्यालय के प्रबंधक सुधीर अग्रवाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनीष रतन अग्रवाल एवं प्राचार्य श्रीमती निशा कुमारी ने किया।

कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभाग के प्राध्यापिका डॉ अनुभा श्रीवास्तव ने किया तथा सभी के प्रति आभार कार्यक्रम के सूत्रधार एवं संयोजक इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर अवसर पर अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, निस्वा इंटर कॉलेज, प्रतिभा निकेतन, राजकीय पॉलिटेक्निक की छात्र-छात्राएं, वॉलीबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश सिंह, अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग धावक अजय कुमार मौर्य, रेनॉल्ट शूटर स्रोत सिंह सहित तमाम गणमान्य मौजूद रहे।

 

——-जि0सू0का0 आजमगढ़-16.02.2026——–