*TV20 NEWS || AZAMGARH :“नो स्मोकिंग डे” पर आजमगढ़ में तम्बाकू से दूर रहने का संदेश, जागरूकता अभियान 11 मार्च को*
कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, आजमगढ़ से जारी
प्रेस विज्ञप्ति
“नो स्मोकिंग डे” पर युवाओं को तम्बाकू से दूर रहने का संदेश
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 11 मार्च को “नो स्मोकिंग डे” मनाया जाएगा। इस अवसर पर आमजन को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों पर जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने बताया कि जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाना आज के समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा तम्बाकू सेवन से दूर रहने की अपील की है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि विशेषकर युवाओं में तेजी से फैल रही तम्बाकू की इस लत को नियंत्रित किए बिना ऐसे जागरूकता दिवसों को पूरी तरह प्रासंगिक और प्रभावी नहीं बनाया जा सकता। इसलिए समाज के सभी वर्गों को इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।
इस संबंध में एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी/ डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार ने बताया कि तम्बाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित कई गंभीर गैर-संचारी रोगों (NCD) का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के सभी वर्गों, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, तभी इसके दुष्प्रभावों को प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तम्बाकू और धूम्रपान से दूर रहें तथा “आज ही तम्बाकू छोड़ें, जीवन से जुड़ें” के संदेश को आगे बढ़ाएं। उन्होंने यह भी बताया कि तम्बाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय तम्बाकू निषेध हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 पर प्रातः 8:00 बजे से सायं 8:00 बजे तक निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
(डॉ. एन. आर. वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़





