*TV20 NEWS || AZAMGARH :रेल बजट पर धर्मेंद्र यादव का हमला: यूपी की अनदेखी का आरोप*

-:प्रकाशनार्थ:-
17/3/2026 आजमगढ़
समाजवादी पार्टी के नेता,मुख्य सचेतक तथा सांसद मा0 धर्मेंद्र यादव ने संसद रेल बजट पर जवाब देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार घोषणाओं और भाषण की सरकार है,उत्तर प्रदेश के बारे में भाजपा नेता बढ़चढ़ के बाते करते हैं,देश के प्रधानमंत्री भी तीसरी बार उत्तर प्रदेश से ही चुनकर संसद में आए हैं परंतु इस रेल बजट को देखकर उत्तर प्रदेश की जनता बहुत ही हताश और निराश है।जब से अवधेश प्रसाद अयोध्या से जीते हैं तब से उत्तर प्रदेश के बजट में केंद्र की भाजपा सरकार लगातार कटौती करती जा रही है।कुछ परियोजनाएं आईं हैं लेकिन वह प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस तक ही सिमट कर रह गईं हैं।उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग योजना के अंतर्गत अंडरपास बनाए गए लेकिन बरसात के मौसम में यह हालात हो जाते हैं कि किसान,बच्चे,नौजवान,बुजुर्ग तथा महिलाएं आदि उसमें से नहीं गुज़र सकते।समाजवादी पार्टी सभी अंडरपास पर पुल बनाने की मांग करती है।
मा0 धर्मेंद्र यादव ने आगे कहा कि आजमगढ़ एक ऐतिहासिक जिला रहा है,मौलाना शिबली नोमानी, कैफ़ी आज़मी और ऋषि दुर्वासा जैसे महान लोगों की स्थली है,ऐसे महान क्षेत्र आजमगढ़ की स्थानीय समस्याओं के बारे में मैने कई बार रेल मंत्री को पत्र लिखा,परंतु कोई कार्यवाही नहीं की गई।पिछले भाजपा के सांसद के कार्यकाल में बनारस से आजमगढ़ होते हुए गोरखपुर तक रेल लाइन स्वीकृत कराने की घोषणा उनके द्वारा की गई थी लेकिन सच्चाई यह है कि उस पर भी अभी तक कोई काम नहीं हुआ है।आगे कहा कि आजमगढ़ के लोग काम और रोजगार के लिए मुंबई जैसे महानगरों में जाते हैं,मैने कई बार मांग की,आजमगढ़ से मुंबई और आजमगढ़ से दिल्ली तक सुपरफास्ट ट्रेनें चलाईं जाएं परन्तु उस पर भी कोई विचार नहीं किया गया है।आजमगढ़ के नौजवान पढ़ाई के लिए प्रयागराज जाते हैं,प्रयागराज से जौनपुर तक एक पैसेंजर ट्रेन चलती है जो जौनपुर आकर पूरे दिन खड़ी रहती है यदि इस ट्रेन का विस्तार कर इसे आजमगढ़ तक चलाया जाए तो बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक भार के आजमगढ़ के हजारों छात्रों को लाभ मिल सकेगा।आगे कहा कि पूर्वांचल के माता के भक्तों के लिए मैने मऊ से आजमगढ़ होते हुए माता वैष्णो देवी (कटरा) तक साप्ताहिक ट्रेन चलाई जाए।इसी तरह से 15025,15026,12527,1252813137,13138 आदि ट्रेन क्रमशः आजमगढ़ से दिल्ली तथा आजमगढ़ से कोलकाता के लिए ट्रेनों की घोषणा की गई थी जो अभी तक शुरू नहीं की गईं हैं।
मा0 धर्मेंद्र यादव ने आगे कहा कि मेरे पूर्व के निर्वाचन क्षेत्र बदायूं को लेकर बदायूं से दिल्ली और बदायूं से लखनऊ के लिए ट्रेन चलाने को कई बार मैने प्रश्न उठाए लेकिन बदायूं की जनता के हितों की अनदेखी कर भाजपा सरकार ने अभी तक ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं किया है।आगे कहा कि श्रद्धेय नेता जी ने एक बहुत ही गंभीर परियोजना मैनपुरी से एटा,कासगंज,बदायूं,संभल होते हुए गजरौला तक ट्रेन चलाने की मांग की थी और उसकी घोषणा भी तत्कालीन रेल मंत्री ने कर दी थी लेकिन उस योजना को भी वर्तमान भाजपा सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है मेरी मांग है श्रद्धेय नेता जी की कर्मभूमि के इस एक बड़े हिस्से के हितों को दृष्टिगत रखते हुए तुरंत शुरू किया जाए।
मा0 धर्मेंद्र यादव ने केंद्रीय राज्य मंत्री बी0 एल0 वर्मा को संसद में बैठा देखते हुए कहा कि आप बदायूं से मंत्री बने लेकिन बदायूं की जनता के हितों के लिए कुछ नहीं करा रहे हैं,अभी तक बदायूं की क्षेत्रीय जनता के हितों के लिए कोई नई परियोजना नहीं शुरू कराई गई है,जनता देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में बदायूं की जनता भाजपा व उसके नेताओं से हिसाब अवश्य लेगी।