TV 20 NEWS || AZAMGARH : ई-बीएलओ ऐप के माध्यम से निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण में आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम,अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन धनराशि
निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराकर जनपद आजमगढ़ को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए डीईओ ने दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
सभी की मेहनत,समन्वय एवं प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि जनपद ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है- जिला निर्वाचन अधिकारी
आजमगढ़, 19 मार्च 2026
राज्य निर्वाचन आयोग, उ०प्र०, लखनऊ द्वारा पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 हेतु निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण माह जुलाई 2025 से अप्रैल 2026 के मध्य सम्पन्न कराया जाना निर्धारित है। इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्णतः स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन व निर्देशन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अत्यंत लगन, परिश्रम तथा निष्ठा के साथ निरंतर कार्य किया गया।
जनपद आजमगढ़ में ई-बी०एल०ओ० ऐप के माध्यम से बूथ लेवल ऑफिसरों (बी०एल०ओ०) द्वारा कुल 9,30,215 मतदाताओं की डेटा एंट्री की गई है, जो कि प्रदेश में सर्वाधिक है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के कारण जनपद आजमगढ़ को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य में संलग्न सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहन धनराशि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है।
जनपद में कुल 1810 ग्राम पंचायतें, 2018 मतदान केन्द्र तथा 6053 मतदान स्थल स्थापित हैं। निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य के सफल संचालन के लिए कुल 2153 बी०एल०ओ० एवं 354 सुपरवाइजर को तैनात किया गया था, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) रविन्द्र कुमार ने निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराकर जनपद आजमगढ़ को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सभी की मेहनत, समन्वय एवं प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि जनपद ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इसी समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद को नई उपलब्धियां दिलाते रहेंगे।





