TV 20 NEWS || AZAMGARH : पशुपालन विभाग की जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
आजमगढ़ 19 मार्च 2026/
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन विभाग की जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं गौ आश्रय स्थलों के संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के समुचित संरक्षण पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि गोवंशों को नर, मादा, बीमार/अशक्त एवं बछड़ों को अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए, जिससे उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही एस०एफ०सी० पूलिंग की विकास खण्डवार समीक्षा की गई तथा निराश्रित गोवंशों के लिए ग्रीष्म ऋतु में गौ आश्रय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सहभागिता योजना के अंतर्गत गोवंश के भरण-पोषण हेतु फंड रिक्वेस्ट की स्थिति, जनपद में स्थापित स्थाई एवं अस्थाई गौ आश्रय स्थलों तथा उनमें संरक्षित गोवंशों की संख्या, एन०जी०ओ० द्वारा संचालित गौ आश्रय स्थलों का विवरण, गो आश्रय स्थलों से संबंधित मूलभूत सूचनाएं, गौपालकों की तैनाती एवं सी०सी०टी०वी० कैमरों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सहभागिता योजना के अंतर्गत सुपुर्द किए गए गोवंशों के भरण-पोषण की डी०बी०टी० (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भुगतान से पूर्व उनका सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा शासनादेश के अनुरूप डी०बी०टी० की प्रक्रिया का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। साथ ही गो आश्रय स्थलों पर भरण-पोषण हेतु डी०बी०टी० के माध्यम से की जा रही धनराशि की मांग की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में हरा चारा उपलब्धता, पराली संग्रहण अभियान की नगर निकायवार एवं विकास खण्डवार प्रगति तथा निराश्रित गोवंश को गर्मी से बचाने के लिए किए जा रहे उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि समस्त गौ आश्रय स्थलों के लिए नेपियर घास की व्यवस्था अगले माह तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, जिससे गोवंशों के लिए पर्याप्त हरे चारे की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन बृहद गौशालाओं में कंटीले तार लगे हुए हैं, उनके स्थान पर प्लेन तार लगाया जाए, ताकि गोवंशों को किसी प्रकार की चोट या नुकसान न पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए गौ आश्रय स्थलों पर छाया, पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, जिससे गोवंशों को गर्मी से सुरक्षित रखा जा सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह,प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. ओमप्रकाश आनंद,उप व सहायक पशु चिकित्साधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।





