TV 20 NEWS || AZAMGARH :शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आजमगढ़ पुलिस परिवार के बच्चों को मिली छात्रवृत्ति

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आजमगढ़ पुलिस परिवार के बच्चों को मिली छात्रवृत्ति ।

🔹छात्रवृत्ति प्रदान कर मेधावी छात्रों का बढ़ाया गया उत्साह ।

🔹पुलिस मुख्यालय लखनऊ उत्तर प्रदेश ने जारी की धनराशि ।

🔹वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार ने दी शुभकामनाएं ।

डॉ0 अनिल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में आजमगढ़ पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं की सूची पुलिस मुख्यालय लखनऊ को प्रेषित किए जाने के उपरांत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक छात्रा एवं एक छात्र को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के सेवारत अराजपत्रित/राजपत्रित अधिकारियों (IPS को छोड़कर) तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चों हेतु वर्तमान शैक्षिक सत्र 2025-2026 में प्रदेश स्तर पर कुल 237 छात्र-छात्राओं को एकमुश्त अनुदान स्वीकृत किया गया है।

जनपद आजमगढ़ में पुलिस लाइन में अर्दली (प्यून) के पद पर तैनात अनवर हुसैन की पुत्री अक्शा आफरीन, जो वर्तमान में महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, को ₹22,275/- की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। इसी क्रम में पुलिस कार्यालय, आजमगढ़ में उर्दू अनुवादक के पद पर तैनात सुहैल अहमद उस्मानी के पुत्र ऐमन सुहेल उस्मानी, जो मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं, को ₹22,600/- की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार द्वारा दोनों मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा अधिकारियों/कर्मचारियों को अवगत कराया गया कि पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर भविष्य में भी छात्रवृत्ति प्रदान की जाती रहेगी, जिससे उनका उत्साहवर्धन हो तथा वे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर जनपद एवं विभाग का नाम रोशन करें।