TV 20 NEWS || AZAMGARH : अंतरविभागीय समन्वय से संचारी रोगों पर नियंत्रण को अभियान तेज

आजमगढ़ 30 मार्च 2026
जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से अप्रैल माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय बैठक में अभियान की रणनीति एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी संजय सिंह द्वारा की गई। उन्होंने नगर निकायों को नगरीय क्षेत्रों में तथा संबंधित विभागों को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से साफ-सफाई, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अभियान के माइक्रोप्लान की सॉफ्ट कॉपी सभी संबंधित सहयोगी विभागों के अधिकारियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए, जिससे सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी रूप से अभियान में सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभागों का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि मच्छर जनित एवं जल जनित रोगों की रोकथाम हेतु घर-घर सर्वे, लार्वा की पहचान, एंटी-लार्वा गतिविधियां एवं फॉगिंग नियमित रूप से कराई जाए। साथ ही स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, जलभराव की समस्या का निराकरण एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रारंभ में डिप्टी सीएमओ एवं नोडल वेक्टर बॉर्न डॉ. अविनाश झा ने अभियान की रणनीति एवं माइक्रोप्लान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी सहयोगी विभागों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, आईसीडीएस, कृषि, पशुपालन, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा सूचना विभाग द्वारा समन्वित रूप से गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सामुदायिक स्तर पर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त गर्मी के मौसम को देखते हुए हीट रिलेटेड बीमारियों से बचाव के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पानी का जमाव न होने दें , नालियों की साफ सफाई, ताज़ा भोजन तथा बुखार, डायरिया या अन्य लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
अंत में बैठक में समस्त सहयोगी विभागों के अधिकारियों सहित जिला मलेरिया अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक , प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी यूनिसेफ के जनपद प्रतिनिधि गुफरान अहमद, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक बिजेन्द्र कुमार पांडेय एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।