*TV 20 NEWS || AZAMGARH : झारखंड की 8 लेन सड़क फिर धंसी, हल्की बारिश में खुली मरम्मत की पोल..*

झारखंड की 8 लेन सड़क फिर धंसी, हल्की बारिश में खुली मरम्मत की पोल..

धनबाद (DHANBAD): झारखंड की पहली 20 किलोमीटर लंबी 8 लेन मुख्य मार्ग सड़क पर बार-बार धंसने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ताजा मामला कशियाटाड के पास सामने आया, जहां कुछ दिन पहले ही मरम्मत किए गए हिस्से में हल्की बारिश के बाद फिर से गड्ढा बन गया। बताया जा रहा है कि 17 मार्च को जिस स्थान पर सड़क धंसी थी, वहीं मंगलवार सुबह करीब 5 बजे दोबारा सुराख हो गया।

मामूली बारिश ने ही मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए। सड़क पर करीब डेढ़ फीट चौड़ा और एक फीट लंबा गड्ढा बन गया, जिसे बाद में अधिकारियों द्वारा डस्ट डालकर अस्थायी रूप से भर दिया गया। हालांकि, यह कोई पहली घटना नहीं है—उद्घाटन के महज 17 महीनों में सड़क धंसने की यह 10वीं घटना है।

हर बार की तरह इस बार भी पाइपलाइन लीकेज को ही मुख्य वजह बताया जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।