*TV 20 NEWS || AZAMGARH : हीट वेव से बचाव एवं प्रभावों को न्यून करने के लिए जिलाधिकारी ने की बैठक,सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

आजमगढ़ 02 अप्रैल 2026/
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हीट वेव (लू) से बचाव एवं इसके प्रभावों को न्यून करने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी गर्मी के मौसम में संभावित हीट वेव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने, जनसामान्य को सुरक्षित रखने तथा राहत एवं प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना था।

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में लू से जनहानि को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें तथा जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

हीट वेव से बचाव के लिए विभागों को दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पंचायत राज विभाग, श्रम विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, नलकूप विभाग तथा अग्निशमन विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था, छायादार स्थानों की उपलब्धता तथा जनजागरूकता के उपायों को प्राथमिकता दी जाए।
स्वास्थ्य विभाग को विशेष व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी सीएचसी एवं पीएचसी केंद्रों पर लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं, ओआरएस, आईवी फ्लूड तथा अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही ग्राम स्तर तक आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लू से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।

स्कूलों में समय परिवर्तन एवं जागरूकता अभियान

शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि आवश्यकता के अनुसार विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं अत्यधिक गर्मी के समय विद्यालय आने-जाने से सुरक्षित रह सकें। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया जाए कि कक्षाओं के बाहर “लू से बचाव के लिए क्या करें और क्या न करें” संबंधी पंपलेट एवं सूचना-पत्र चस्पा कराए जाएं तथा बच्चों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाए।

रैन बसेरा एवं पशुओं के लिए व्यवस्था

पशुपालन विभाग एवं नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्देशित किया गया कि हीट वेव के प्रभाव को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। विशेष रूप से सार्वजनिक स्थलों पर रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। साथ ही पशुओं के लिए भी पानी एवं छायादार स्थानों की समुचित व्यवस्था की जाए।

72 घंटे के अंदर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि किसी क्षेत्र में अग्निकांड या लू से प्रभावित व्यक्ति सामने आते हैं तो उन्हें राज्य सरकार द्वारा निर्धारित राहत राशि 72 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।

जनजागरूकता पर दिया गया विशेष जोर

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि हीट वेव से बचाव के लिए जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके तहत ग्राम पंचायतों, स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों एवं मीडिया के माध्यम से लोगों को लू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि जनहानि की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके।

बैठक में अपर जिला अधिकारी वित्त/राजस्व गंभीर सिंह,अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी,जिला आपदा विशेषज्ञ, अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।