*TV 20 NEWS || AZAMGARH : फार्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए विशेष अभियान,जिलाधिकारी ने की समीक्षा व कैंपों का किया निरीक्षण

आजमगढ़, 03 अप्रैल 2026।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आज अवकाश के दिन कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर जनपद में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा इसे शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने विकासखंड पल्हनी के प्राथमिक विद्यालय आजमपुर एवं विकासखंड सठियांव के अंबाडी पंचायत भवन में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री विशेष कैंपों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा उपस्थित कृषकों से संवाद कर उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

अवकाश के दिन में भी फार्मर रजिस्ट्री कार्य को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बैठक कर सभी विकास खण्डों के लिए नामित 22 अधिकारियों को ऑनलाइन फार्मर रजिस्ट्री करने का प्रशिक्षण दिया तथा पीपीटी के माध्यम से प्रक्रिया व महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया। जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक विकासखंड में अधिक फार्मर रजिस्ट्री पेंडेंसी वाले ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया तथा अधिकारियों को भेज कर फार्मर रजिस्ट्री विशेष कैंप लगाकर, फोन करवा कर किसानों को कैंप में बुलाकर उनका फार्मर रजिस्ट्री कराया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता योजना एग्रीस्टैक (डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के अंतर्गत पीएम किसान योजना के लाभार्थियों सहित सभी भूमिधारक कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री की जा रही है। जनपद के विभिन्न विकास खंडों में अभी भी कुछ कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित है, जिसे शीघ्र पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हाल ही में की गई समीक्षा में निर्देश दिए गए हैं कि जिन ग्राम पंचायतों में अधिक संख्या में कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री शेष है, वहां विशेष कैंप लगाकर ग्राम पंचायत स्तर पर तैनात क्षेत्रीय कार्मिकों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी विकास खंडों के लिए 22 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं, जो अपने आवंटित विकास खंडों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर चिन्हित ग्राम पंचायतों में 03 अप्रैल 2026 से विशेष कैंप आयोजित कर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराएंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित ग्राम पंचायतों में आबादी क्षेत्र के निकट सार्वजनिक स्थलों पर कैंप आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक कृषक इन कैंपों में पहुंचकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि नोडल अधिकारी स्वयं गांवों में भ्रमणशील रहकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं। साथ ही कृषि विभाग के खंड स्तरीय अधिकारी एडीओ (कृषि) तथा ग्राम स्तरीय कार्मिक एटीएम एवं बीटीएम प्रतिदिन प्रातः 08 बजे से कैंप में उपस्थित रहकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय लेखपाल, ग्राम सचिव, पंचायत सहायक भी कैंप में उपस्थित रहकर किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

उप निदेशक कृषि आशीष कुमार द्वारा ग्राम पंचायतवार एवं विकास खंडवार ऐसे कृषकों की सूची उपलब्ध कराई गई है, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री अभी शेष है। उन्होंने बताया कि इन विशेष कैंपों के माध्यम से प्रतिदिन बनाई गई फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति रिपोर्ट संकलित कर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को अवलोकनार्थ उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकासखंड पल्हनी के प्राथमिक विद्यालय आजमपुर में आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर किसानों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषक शकुंतला गुप्ता, रामवृक्ष, बृजभान सिंह, यशवीर सिंह मौर्य तथा मुन्नालाल विश्वकर्मा की फार्मर रजिस्ट्री बनवाते हुए उन्हें इसके लाभों के बारे में जागरूक किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड सठियांव के अंबाडी पंचायत भवन में आयोजित कैंप का भी निरीक्षण किया और उपस्थित कृषकों से संवाद कर फार्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र कृषक फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे और प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान चलाकर इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कृषकों ने जिलाधिकारी से शिकायत किया कि बीटीएम,एटीएम व अन्य कार्मिक गांव में वेरिफिकेशन करने नहीं आते हैं और बिना स्थलीय निरीक्षण किये ही रिपोर्ट लगा देते हैं कि व्यक्ति गांव में नहीं रहता है, या बाहरी है आदि। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीटीएम ,एटीएम सहित सम्बन्धित कार्मिकों को सख्त निर्देशित किया है कि जांच में यदि गलत सूचना,फर्जी रिपोर्ट लगाया पाया जाएगा तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए शासन को अवगत कराया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार राम उदरेज यादव, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।