TV 20 NEWS || AZAMGARH :विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए फार्मर आईडी (किसान पहचान पत्र) को किया गया अनिवार्य
जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए दिनांक 6 से 15 अप्रैल तक विशेष कैम्प अभियान के द्वारा किसान पहचान पत्र बनाने का कार्य किया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में प्रदान की जाने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की उन्हीं कृषकों को प्रदान की जाएगी, जिनके किसान पहचान पत्र जारी किए गए हों। राज्य सरकार द्वारा इस नीति का अनुसरण करते हुए कृषि एवं सहयोगी विभाग यथा उद्यान, पशुपालन, मत्स्य सहकारिता, लघु सिंचाई इत्यादि की लाभार्थीपरक योजनाओं का क्रियान्वयन किसान पहचान पत्र के आधार पर किए जाने का निर्णय लिया गया है।
इसके अन्तर्गत प्रथम चरण में कृषि विभाग द्वारा लाभार्थीपरक योजनाओं यथा उर्वरक, बीज कीटनाशी एवं अन्य इन्पुट के वितरण व लाभार्थियों के चयन में किसान पहचान पत्र को आधार बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर क्रय किए जाने वाले कृषि उत्पाद, गेहूं, धान, दालें, सरसों इत्यादि के क्रय के लिए किसान पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा तथा क्रय केंद्र पर कृषकों से खरीद से पूर्व उनके किसान पहचान पत्रों का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
प्रदेश में अनुदानित रासायनिक उर्वरकों का वितरण, कृषि विभाग द्वारा प्रदत्त आवंटन के आधार पर सहकारिता विभाग द्वारा प्राथमिक सहकारी समितियों तथा निजी विक्रेताओं द्वारा किया जाता है। वर्तमान में उर्वरकों का वितरण पीओएस मशीनों के माध्यम से आईएफएमएस पोर्टल की सहायता से किया जाता है। मई माह से यह वितरण किसान पहचान पत्र के आधार पर ही किया जाएगा, जिसके लिए आईएफएमएस पोर्टल को एग्रीस्टैक पोर्टल से जोड़ा जाएगा। कृषि विभाग की समस्त लाभार्थीपरक योजनाओं में किसान पहचान पत्र एवं फार्मर रजिस्ट्री की मदद से लाभार्थियों का चयन करने हेतु कृषि विभाग द्वारा अपने पोर्टल को 1 मई तक तैयार किया जाएगा। खाद्य एवं रसद विभाग तथा कृषि विभाग द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाने वाली समस्त खरीद में तत्काल प्रभाव से किसान पहचान पत्र फार्मर आईडी को अनिवार्य करते हुए मात्र उन्हीं किसानों से खरीद की जाएगी, जिनके पास किसान पहचान पत्र होंगे।
अन्य विभाग भी लाभार्थीपरक योजनाओं के लिए किसान पहचान पत्र का प्रयोग अनिवार्य करने के लिए 31.05.2026 तक समस्त तैयारी पूर्ण करेंगे।





