TV 20 NEWS || AZAMGARH : पुलिस चौकी बम्हौर के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ

आज दिनांक 12.04.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती आस्था जायसवाल तथा पुलिस उपाधीक्षक श्री शशि मौली पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस चौकी बम्हौर की प्रस्तावित स्थापना हेतु निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ नारियल फोड़कर किया गया।

➡️ इस चौकी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, अपराधों पर त्वरित नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन को समयबद्ध एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी एवं विस्तार को दृष्टिगत रखते हुए स्थानीय स्तर पर पुलिस की सशक्त उपस्थिति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक हो गया था।

👉 उल्लेखनीय है कि प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना हेतु एक बीघा भूमि उपलब्ध कराई गई थी। आज उक्त भूमि की विधिवत पैमाइश कर उसे “पुलिस चौकी बम्हौर” के नाम से आवंटित किया गया तथा चौकी निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ संपन्न कराया गया।

➡️ निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात यह चौकी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करने, अपराधों की रोकथाम में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।