TV 20 NEWS || AZAMGARH :07 मई से प्रारंभ होकर 21 मई 2026 चलने वाले स्व-गणना अभियान के जागरूकता के सम्बन्ध में आयोजित की गयी कार्यशाला

आजमगढ़ 04 मई 2026/
अपर जिलाधिकारी वि0/रा0/जिला जनगणना अधिकारी गम्भीर सिंह एवं जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह द्वारा जनपद आजमगढ़ के समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक विकास भवन आजमगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में आगामी जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना (Self Enumeration) कार्यक्रम की प्रगति एवं क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि स्व-गणना अभियान दिनांक 07 से प्रारंभ होकर 21 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग समूहों के माध्यम से स्व-गणना कराने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्व-गणना एक स्वैच्छिक एवं अभिनव पहल है, साथ ही यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना भी है, जो नागरिकों की सक्रिय सहभागिता पर आधारित है।

जिला विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से संबंधित समस्त कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, अतः निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इसी क्रम में स्व-गणना जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत हरिऔध कला केंद्र के ऑडिटोरियम में एनसीसी कैडेट्स, परिवहन रोडवेज आजमगढ़ में अधिकारियों/कर्मचारियों एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आजमगढ़ में छात्रों एवं शिक्षकों के मध्य एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कैडेट्स को स्व-गणना के लाभ, इसकी प्रक्रिया तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के युवा ही कल के भारत की नींव हैं और वे देश की दिशा एवं दशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।” उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और आजमगढ़ को इस अभियान में प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाने में सहयोग करें।

मास्टर ट्रेनर इं0 कुलभूषण सिंह द्वारा स्व-गणना के विभिन्न आयामों एवं इसकी विशेषताओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। कार्यशाला में अपर जिला जनगणना अधिकारी चंदन यादव, अरविंद यादव, समीउल्लाह अंसारी, एनसीसी कैडेट्स, रोडवेज कर्मचारियों सहित आईटीआई के छात्र एवं शिक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।