TV 20 NEWS ||AZAMGARH :जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की बैठक संपन्न

शासन के मंशानुरूप भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये-जिलाधिकारी

सरकारी जमीनों पर कब्जा,फर्जी अभिलेखों व धोखाधड़ी के माध्यम से भूमि कब्जाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाये- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

आजमगढ़ 23 मई 2026/
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की बैठक हरिऔध कला केंद्र ऑडिटोरियम में आयोजित की गई।

बैठक में जनपद में राजकीय भूमि, निजी भूमि, ट्रस्ट समिति व संस्थाओं की भूमि,सार्वजनिक परिसंपत्तियों की भूमि पर अवैध कब्जों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिये गये।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये तथा सार्वजनिक भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाये। जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि उनके विभाग की अतिक्रमित भूमि की जानकारी संबंधित एसडीएम को देते हुए भूमाफियाओं का चिन्हीकरण करें। विशेष कर सिंचाई विभाग की जमीन, वन विभाग ,कृषि विभाग पर विशेष जोर दिया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कदापि न हो।

जिलाधिकारी ने भूमाफियाओं को तीन कैटेगरी में चिन्हीकरण पर बल दिया। प्रथम- सरकारी भूमि के दस्तावेज में हेरा फेरी, कूट-कूट रचित करने वाले भूमिया, द्वितीय ऐसे भूमिया जो जमीन को थर्ड पार्टी से खरीदवाते बिकवाते हैं । तृतीय- 1970-80 के दशक में प्राप्त पट्टा धारकों पर मुकदमा कर पट्टा खारिज कर हथियाने की नियत रखता हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि तहसीलवार भू-माफियाओं क़ो चिन्हित क़र उनके विरुद्ध राजस्व एवं पुलिस विभाग समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि भूमि कब्जे से संबंधित शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाये तथा अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज करायी जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी या ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले,फर्जी बैनामा या नकली कागजात तैयार करने वाले, गरीब,बुजुर्ग नि:संतान, विधवा या कमजोर लोगों की जमीन हड़पने वाले, तालाब, सड़क, पार्क या सार्वजनिक भूमि पर अवैध निर्माण करने वाले भू माफिया क़ो चिन्हित कठोर कार्यवाही करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम समाज, तालाब, चारागाह एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये।
इसके अतिरिक्त अवैध प्लाटिंग, सरकारी भूमि पर निर्माण एवं भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गयी। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भू-माफियाओं के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि राजस्व विभाग के साथ संयुक्त टीम बनाकर चिन्हित स्थलों पर प्रभावी कार्रवाई करें तथा अवैध कब्जाधारकों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दबंगई, फर्जी अभिलेखों अथवा धोखाधड़ी के माध्यम से भूमि कब्जाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जायेगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधिकारी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, संबंधित थाना प्रभारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।