*TV 20 NEWS || AZAMGARH:जिलाधिकारी ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ दिलाकर, जागरूकता रैली व प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना*

जिलाधिकारी ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ दिलाकर, जागरूकता रैली व प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है- जिलाधिकारी

01से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11से 31 जुलाई तक चलेगा दस्तक अभियान-जिलाधिकारी

संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के कार्यक्रम में लगे सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करके लोगों को करें जागरूक-जिलाधिकारी

संचारी रोगों से घबरायें नहीं, इसका शीघ्र करायें ईलाज-जिलाधिकारी

13 विभागों के समन्वय से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण का लक्ष्य

आजमगढ़ 01 जुलाई 2026/
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद आजमगढ़ में संचारी रोगों पर सीधा वार मच्छरों से बचाव, संक्रामक रोगों से बचाव के अन्य उपाय हेतु जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई -‘‘कोई भी बुखार दिमागी बुखार (नवकी बीमारी) हो सकता है। दिमागी बुखार जानलेवा हो सकता है और रोग के उपरान्त शारीरिक और मानसिक विकलांगता भी ला सकता है। हम शपथ लेते हैं कि संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार (नवकी बीमारी) से इस लड़ाई में हर सम्भव प्रयास करेंगे। हम शौच के लिये शौचालय का प्रयोग करेंगे और सभी को यही करने के लिये प्रेरित करेंगे। हम अपने व्यक्तिगत साफ सफाई का ध्यान रखेंगे, अपने घर के आस पास साफ-सफाई रखेंगे, अपने गांव के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे तथा समुदाय को साफ-सफाई एवं स्वच्छता अपनानें के लिये प्रेरित करेंगे। यदि कोई बच्चा हमारे गांव में बुखार से पीड़ित होगा, उसके परिवार को तुरन्त इलाज के लिये सरकारी अस्पताल जाने हेतु प्रेरित करेंगे।’’

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एनआर वर्मा ने संचारी रोग जागरूकता रैली व प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जनपद में 01 जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाकर जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाकर स्वच्छता के प्रति सजग एवं जागरूक करते हुए विशेष सफाई रखने के लिए जागरूक किया जायेगा।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि आज से एक महत्वपूर्ण 01 महीने का संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो रहा है और ये वर्षा ऋतु में चलाया जाता है, इस ऋतु में जो बिमारियॉ फैलती हैं, उस बिमारियों से प्रभावी रूप से हम स्वस्थ्य रह सकें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के द्वारा कार्ययोजना बनाई गयी है, जो उस कार्ययोजना के अनुसार साफ-सफाई का कार्य करेंगे, हर घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, हर गॉव में झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई का कार्य चलेगा। इसी के अन्तर्गत दस्तक अभियान भी चलेगा, जो 11 जुलाई 2026 से आशा बहुओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोग के बारे में जागरूक करेंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मच्छरों से बचाव हेतु दरवाजों व खिड़कियों पर जाली लगवायें, नियमित मच्छरदानी का प्रयोग करें, मच्छररोधी उपाय अपनाएं, अनुपयोगी वस्तुओं में पानी इकट्ठा न होने दें, पानी की टंकी पूरी तरह से ढक कर रखें, पूरी बॉह वाली कमीज, पैंट और मोजे पहने, घर और कार्य स्थल के आप-पास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले आदि को साप्ताहिक खाली कर सुखाएं, गड्ढों में जहॉ पानी इकट्ठा हो उसे मिट्टी से भर दें। जिलाधिकारी ने संक्रामक रोगों से बचाव के अन्य उपाय बतायें, जिसमें नालियों में जलभराव रोकें, उनकी नियमित सफाई करें, जानवर बाड़े घर से दूर रखें, जंगली झाडियों को नियमित साफ करें, चूहों/छछूंदरों से बचें, खाने से पहले साबुन से हाथ धोयें, खुले में शौच न करें तथा नियमित शौचालय का प्रयोग करें, कुपोषित बच्चों का विशेष ध्यान रखें।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एनआर वर्मा ने बताया कि बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाए तथा सिर, हाथ-पांव एवं पेट पर सामान्य पानी की पट्टी रखें, बुखार के समय पानी एवं अन्य तरल पदार्थाे जैसे नारियल पानी, शिकंजी, ताजे फलों का रस इत्यादि का अधिक सेवन करें, हल्के सूती वस्त्र पहने तथा कमरे को ठंडा रखें, झोलाछाप चिकित्सकों से बचे, बिना चिकित्सक की सलाह के अनावश्यक औषधियों का सेवन न करें।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में 01 से 31 जुलाई, तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार, डायरिया एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम तथा समय से उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ ही महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, नगर निकाय, कृषि, पशुपालन समेत 13 विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे। साथ ही साथ डब्ल्यूएचओ के एनपीएसपी यूनिट तथा पाथ जैसी संस्थाएं तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगी।

सीएमओ ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई, टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करेंगी और विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। साथ ही परिवारों की आभा आईडी भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डायरिया नियंत्रण के लिए आशा कार्यकर्त्रियां ओआरएस एवं जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगी, जबकि मच्छरों की रोकथाम के लिए जलभराव समाप्त करने, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग की कार्रवाई तेज की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खुले में बिकने वाले दूषित एवं सड़े-गले खाद्य पदार्थों पर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी।

संचारी रोगों की रोकथाम विषयक रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं हिस्सों से होकर जिला महिला चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, जलजनित एवं वेक्टर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, प्रभात फेरियां एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित कराए गए। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि बच्चों को पूरी बांह की कमीज और फुल पैंट पहनाकर विद्यालय भेजें, ताकि मच्छरों से बचाव हो सके।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि घरों और आसपास जलभराव न होने दें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें, भोजन को ढककर रखें तथा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और स्वच्छता के माध्यम से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

इस अवसर पर संबंधित जनपदीय अधिकारीगण, एसीएमओ उमा शरण पांडेय, जिला मलेरिया अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहें।