*TV 20 NEWS || AZAMGARH : स्पा सेंटर पर पुलिस-प्रशासन की छापेमारी, सात पुरुषों पर कार्रवाई*
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र में बेलइसा सब्जी मंडी के सामने स्थित ‘लेमन बैलेंस’ स्पा सेंटर पर बुधवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में की गई। अचानक हुई कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम ने स्पा सेंटर के अंदर मौजूद लोगों की जांच की। इस दौरान वहां कुल 10 लोग मिले, जिनमें सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मौजूद तीन महिलाओं को पूछताछ और आवश्यक समझाइश के बाद वापस भेज दिया गया। वहीं मौके पर मिले सात पुरुषों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सेंटर में मौजूद गतिविधियों और वहां की व्यवस्थाओं की भी जांच की।
पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य स्पा सेंटरों में भी हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्पा सेंटर में नियमों के विपरीत या संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी और तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों की इस कार्रवाई को संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी स्पा सेंटर में अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।






