*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जनगणना की तैयारियां तेज, 164 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण आज से जिलाधिकारी करेंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन*
आजमगढ़ 04 सितंबर 2026
जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनपद के 164 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण आज से शुरू होगा। चिल्ड्रेन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हरबंशपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार करेंगे।
जनपद में फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण के लिए कुल पांच बैच बनाए गए हैं। इन बैचों का प्रशिक्षण 5 अक्टूबर से प्रारंभ होकर तीन अलग-अलग चरणों में 14 अक्टूबर तक चलेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद फील्ड ट्रेनर तहसील मुख्यालय स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में गणनाकारों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करेंगे।
जिले में करीब 11,704 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इन्हें 24 चार्जों में बांटा गया है, जिनमें 16 नगरीय और आठ ग्रामीण चार्ज शामिल हैं। गणना कार्य के लिए करीब 9,000 प्रगणक और 2,000 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण के लिए आने वाले फील्ड ट्रेनरों को किसी तरह की असुविधा न होने देने को कहा।
जिले में चार मास्टर ट्रेनर भी नामित किए गए हैं, जिनका प्रशिक्षण पहले ही पूरा हो चुका है। इन्हीं मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद फील्ड ट्रेनर तहसील मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।






